'एक बार पूछा तक नहीं'- Desi Batman पर भड़के 27 Anu Malik, 'साजन साजन' गाने को यूज करने को लेकर जताई नाराजगी

  • Authored by: अभय
  • Updated Nov 27, 2026, 05:39 PM IST

Anu Malik on Desi Batman: सोशल मीडिया पर इन दिनों 'साजन साजन' गाने की धूम मची हुई है। 'देसी बैटमैन' रील्स में इस गाने का रीमिक्स खूब वायरल हो रहा है। अब अनु मलिक ने इस पर रिएक्शन दिया है।

Anu Malik on Desi Batman: सोशल मीडिया पर कब कौन सी चीज लोगों के बीच छा जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। इन दिनों ऐसा ही कुछ 90 के दशक के एक मशहूर गाने के साथ देखने को मिल रहा है। साल 1999 में आई फिल्म 'आरजू' (Aarzoo) का गाना 'साजन साजन तेरी दुल्हन' अचानक से लोगों के दिलों में बस गया है। इंस्टाग्राम पर इस गाने के रीमिक्स का इस्तेमाल 'देसी बैटमैन' (Desi Batman) नाम से वायरल हो रही रील्स में किया जा रहा है। इन वीडियो में हॉलीवुड के सुपरहीरो बैटमैन (Batman) को भारतीय अंदाज में दिखाया गया है। गाने और इन मजेदार वीडियो का कॉम्बिनेशन लोगों को खूब पसंद आ रहा है। करीब 27 साल पुराने इस गाने को मिल रहे फेम पर अब इसके ओरिजिनल कंपोजर अनु मलिक (Anu Malik) ने भी रिएक्शन दिया है।

Anu Malik on Desi Batman

27 साल पुराने 'साजन साजन' गाने ने मचाई धूम, अनु मलिक ने जताई नाराजगी- 'मुझसे किसी ने संपर्क नहीं किया' (Image Source: Sujal Jaiswar Instagram/ Reddit)

'मुझसे किसी ने संपर्क नहीं किया'

अनु मलिक ने बताया कि 'साजन साजन' गाने का रीमिक्स वायरल होने के बाद कई लोग उन्हें फोन करके इसकी लोकप्रियता के बारे में बता रहे हैं। लेकिन रीमिक्स तैयार करने से पहले किसी ने उनसे संपर्क नहीं किया था। Variety India को दिए एक इंटरव्यू में अनु मलिक ने कहा कि 'मुझसे किसी ने संपर्क नहीं किया। लेकिन अब जब यह गाना पॉपुलर हो गया है, तो लोग फोन करके कह रहे हैं कि यह गाना कितना वायरल हो गया है और आपने इसे कितनी अच्छी तरह कंपोज किया था। इसकी शुरुआत धीरे-धीरे हुई थी, लेकिन अब ये हर तरफ छाया हुआ है।' अनु मलिक ने आगे कहा, 'लोग हमेशा थोड़ी-बहुत टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करते रहते हैं। और आप जानते हैं कि ऐसा क्यों करते हैं? सच कहूं तो हर जगह मेलोडी ही सबसे ऊपर है। तमाम बदलावों, टेक्नोलॉजी और उसके फायदों के बावजूद लोग आखिरकार धुन ही गुनगुनाने वाले हैं। लोग इसी के पीछे भागते हैं।'

क्या है 'देसी बैटमैन' का पूरा ट्रेंड?

'देसी बैटमैन' (Desi Batman) वीडियो सीरीज को डिजिटल क्रिएटर सुजल जैसवार (Sujal Jaiswar) ने बनाया है। इन वीडियो में बैटमैन को गोथम सिटी की जगह भारतीय गांवों और गलियों में दिखाया गया है। कहीं वो भैंस की सवारी करता नजर आता है, तो कहीं आम इंडियन माहौल में अजीबोगरीब हालात का सामना करता है। इन वीडियो में 'साजन साजन' के रीमिक्स का इस्तेमाल किया गया, जिसके बाद यह गाना भी तेजी से वायरल हो गया। इस रीमिक्स को अभिषेक मेहरा (Abhishek Mehra) ने तैयार किया है।

'आरजू' फिल्म में था ओरिजिनल गाना

'साजन साजन तेरी दुल्हन' गाना साल 1999 में रिलीज हुई फिल्म 'आरजू' (Aarzoo) का है। इसे अनु मलिक ने कंपोज किया था, इसके बोल आनंद बख्शी (Anand Bakshi) ने लिखे थे और अलका याज्ञनिक (Alka Yagnik) ने अपनी आवाज दी थी। गाने में माधुरी दीक्षित (Madhuri Dixit) नजर आई थीं। फिल्म में अक्षय कुमार (Akshay Kumar) और सैफ अली खान (Saif Ali Khan) भी अहम रोल में थे।

End Article
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। ...

End of Feed