Ajay Devgn's Raid 2: बॉलीवुड इंडस्ट्री के बेहतरीन एक्टर अजय देवगन की फिल्म 'रेड 2' की बड़ी घोषणा हो गई है। इस फिल्म में एक बार फिर अजय देवगन (Ajay Devgn) को इनकम टैक्स ऑफिसर के किरदार में देखा जाएगा। दिलचस्प बात यह है कि निर्माताओं ने अजय देवगन के अलावा फिल्म 'रेड 2' (Raid 2) में रितेश देशमुख और वाणी कपूर को भी कास्ट किया है। फिल्म पहले ही फ्लोर पर जा चुकी है। मेकर्स पहले फिल्म को इसी साल नवंबर में रिलीज करने की प्लानिंग कर रहे थे लेकिन अब इसमें थोड़े बदलाव किए हैं।
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार राजकुमार गुप्ता के निर्देशन में बनने जा रही फिल्म 'रेड 2' अब इस साल नहीं बल्कि अगले साल 21 फरवरी के दिन दुनिया भर के सिनेमाघरों में पहुंचेगी। फिल्म की रिलीज डेट को निर्माताओं ने आगे बढ़ा दिया है। मशहूर ट्रेड एनालिस्ट तरणम आदर्श ने भी अपने ट्विटर हैंडल पर फिल्म 'रेड 2' की रिलीज डेट और कास्टिंग को लेकर बड़ी जानकारी साझा की है। फिल्म में रितेश देशमुख को मेकर्स विलेन के रूप में पेश करेंगे। वहीं दूसरी ओर फिल्म में रजत कपूर भी अहम भूमिका में दिखाई देंगे। फिल्म की शूटिंग दिल्ली और लखनऊ में की जा रही है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो अजय देवगन फिल्म 'रेड 2' के अलावा इन दिनों रोहित शेट्टी के निर्देशन में बन रही फिल्म 'सिंघम अगेन' को लेकर भी चर्चा में बने हुए हैं। फिल्म के क्लाइमेक्स सीन्स की शूटिंग होनी अभी बाकी है। अजय देवगन के साथ फिल्म 'सिंघम अगेन' में दीपिका पादुकोण, अर्जुन कपूर, अक्षय कुमार, टाइगर श्रॉफ और रणवीर सिंह अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म इसी साल दिवाली के खास मौके पर रिलीज होगी।
