भोजपुरी अदाकारा रानी चटर्जी एक वक्त अपने बोल्ड गानों की वजह से चर्चा में रहती थीं और अब वो अपने बयानों की वजह से खबरों में छायी रहती हैं। रानी चटर्जी ने एक पॉडकास्टर के दौरान भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह (Pawan Singh) के बारे में बात की है और कहा है कि लोग उनके बारे में कुछ भी बोलते रहते हैं लेकिन वो चुप ही रहते हैं। यही कारण है कि कोई भी कुछ भी बोलकर चला जाता है। अगर पवन सिंह जवाब देना शुरू कर दें तो लोग उनके बारे में भद्दी-भद्दी बातें बोलना बंद कर देंगे।
रानी चटर्जी (Rani Chatterjee) ने पॉडकास्ट के दौरान बताया, 'पवन सिंह जी के बारे में मैंने काफी तारीफ कर दी है और क्या ही बोलूं। मैं बस उन्हें ये सलाह देना चाहती हूं कि जब भी लोग उनके बारे में खराब बातें करें तो वो तुरंत जवाब दिया करें। वो जवाब नहीं देते हैं, जिस कारण लोगों की हिम्मत बढ़ जाती है और कोई भी कुछ भी कहकर चला जाता है। जिस दिन पवन जी ने जवाब देना शुरू कर दिया, उस दिन से देखिएगा कि लोग कैसे सीधे हो जाएंगे।'
रानी चटर्जी ने भोजपुरी सिनेमा में मौजूद ग्रुपिज्म के बारे में भी बात की और बताया इसकी वजह से उनके हाथ से कई सारी फिल्में निकली हैं। सभी कलाकारों की कोई न कोई फेवरेट हीरोइन होती थी, जिसके साथ वो काम करना पसंद करते थे। रानी चटर्जी किसी भी हीरो की फेवरेट हीरोइन नहीं बन पायीं, जिस कारण उनके हाथ से कई सारी फिल्में निकल गईं। अगर वो भी किसी ग्रुप में शामिल हो जाती तो लोग उन्हें भी काम देते और उनके खाते में कुछ और ज्यादा फिल्में होती। बताते चलें कि रानी चटर्जी ने भोजपुरी सिनेमा के साथ-साथ बॉलीवुड में भी काम किया है। कुछ साल पहले उनकी मस्तराम नाम की वेब सीरीज आई थी, जिसमें उनके कई सारे बोल्ड सीन्स थे। इन सीन्स की वजह से कई लोगों ने उन्हें ट्रोल किया था लेकिन रानी ने कहा था कि उन्होंने इन सीन्स को केवल काम की तरह किया है, जो लोग भी उनके बारे में बोल रहे हैं, बोलते रहें... उन बयानों से रानी को कोई असर नहीं पड़ता है।
