Bhojpuri Singer Dhananjay Sharma Video: भोजपुरी इंडस्ट्री के सिंगर धनंजय शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में सिंगर की हरकत देखकर हर कोई हैरान है. वायरल वीडियो में धनंजय शर्मा स्टेज पर महिला डांसर को उठाकर भीड़ की तरफ फेंक रहे हैं. हैरानी की बात यह है कि वह ऐसा एक बार नहीं बल्कि दो बार करते हैं, जिस वजह से सोशल मीडिया पर अब बवाल शुरू हो गया. धनंजय शर्मा बुरी तरह ट्रोल हो रहे हैं. लोग उनसे माफी की मांग कर रहे हैं, लेकिन सिंगर ने भी इस पर चुप्पी तोड़ी है.
धनंजय शर्मा ने महिला डांसर को गोद में उठाकर फेंका
जानकारी के मुताबिक, 11 मार्च को धनंजय शर्मा मुजफ्फरनगर में हुई एक शादी के कार्यक्रम में पहुंचे. यहां पर धनंजय शर्मा ने जैसे ही स्टेज को संभाला तो लोग पागल हो गए. सिंगर के गाने पर हर कोई थिरक रहा था. इस मौके पर डांसर्स को भी बुलाया गया, जो सिंगर के गानों पर डांस करती दिखीं. तभी सिंगर ने एक डांसर को गोद में उठाने की कोशिश की और उसे नीचे फेंकने लगे. हालांकि. धनंजय पहली बार में तो गिर गए. वह डांसर के साथ ही स्टेज पर गिर गए, लेकिन उन्होंने महिला को नहीं छोड़ा. वह महिला को घसीटने लगे. इसके बाद वह दूसरी महिला को गोद में उठाते हैं और फिर उसे भीड़ की तरफ फेंक देते हैं. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तहलका मचा रहा है. सिंगर की इस हरकत पर एतराज भी जताया गया.
ट्रोलिंग के बाद सिंगर ने दी सफाई
ट्रोलिंग के बाद सिंगर ने भी इस घटना पर सफाई दी. उन्होंने कहा कि उस समय मंच पर जो हुआ, वह किसी को नुकसान पहुंचाने की मंशा से नहीं था. गायक का कहना है कि कार्यक्रम के दौरान माहौल हल्का-फुल्का था और कलाकारों के बीच मजाक चल रहा था. उनके अनुसार इस घटना को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है. हाालांकि, सोशल मीडिया पर धनंजय शर्मा के वीडियो ने हर किसी को हैरान कर दिया है. इस वीडियो को देख लोग सिंगर को खरी खोटी सुना रहे हैं. लोग उनकी सफाई से भी खुश नहीं है. इसी वजह से सिंगर की ट्रोलिंग बढ़ती जा रही है.
