भोजपुरी स्टार और बिहार के MLCपवन सिंह (Pawan Singh) इन दिनों लगातार सुर्खियों में हैं। एक तरफ वह अपनी फिल्मों और गानों को लेकर दर्शकों के बीच छाए हुए हैं, तो दूसरी तरफ उनकी निजी जिंदगी भी चर्चा में है। इस बीच पवन सिंह को फैमिली कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। पत्नी ज्योति सिंह (Jyoti Singh) की ओर से दायर भरण-पोषण के मामले में बुधवार को सुनवाई हुई। पवन सिंह इस सुनवाई में शामिल नहीं हो सके, जिसके बाद कोर्ट ने उन पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया है। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-क्या बनने वाली है Drishyam 4? अजय देवगन ने दिया जवाब)
कोर्ट ने पवन सिंह पर लगाया जुर्माना
भोजपुरी स्टार पवन सिंह के वकील हरिवंश सिंह ने PTI से बातचीत में बताया कि बुधवार को जज कमलापति प्रजापति की अदालत में ज्योति सिंह की ओर से दायर अंतरिम भरण-पोषण की याचिका पर सुनवाई होनी थी। इस दौरान पवन सिंह का बयान भी दर्ज किया जाना था। वकील के मुताबिक, पवन सिंह पटना में बाढ़ की वजह से कोर्ट में पेश नहीं हो सके। उनकी ओर से सुनवाई को आगे बढ़ाने के लिए आवेदन दिया गया था। इसके बाद कोर्ट ने पवन सिंह पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया और मामले की अगली सुनवाई के लिए 5 अक्टूबर की तारीख तय की।
बुधवार की सुनवाई के दौरान ज्योति सिंह भी अपने वकील के साथ कोर्ट में मौजूद थीं। जानकारी के लिए बता दें कि पवन सिंह ने 6 मार्च 2018 को बलिया निवासी रामबाबू सिंह की बेटी ज्योति सिंह से शादी की थी। कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद हो गया और अब मामला कोर्ट में पहुंच गया है। मालूम हो कि पवन सिंह ने अपनी पहली शादी 1 दिसंबर 2014 को नीलम सिंह से की थी, जो उनके बड़े भाई की साली थीं शादी के लगभग तीन महीने बाद ही, 8 मार्च 2015 को मुंबई स्थित अपने फ्लैट में नीलम सिंह का आकस्मिक निधन हो गया था, जिसे पुलिस और मीडिया रिपोर्ट्स में आत्महत्या का मामला बताया गया था।
