Adipurush Box Office Day 4 (Early Estimates): रामायण पर आधारित फिल्म आदिपुरुष बॉक्स ऑफिस पर चौथे दिन धड़ाम हो गई। इस बात के संकेत मूवी से जुड़े अर्ली एस्टिमेट्स से मिली, जिनमें प्रभास स्टारर इस मेगा बजट फिल्म की कमाई में 70% से 75% की गिरावट देखने को मिली। मीडिया रिपोर्ट्स में शुरुआती ट्रेंड्स के हवाले से बताया गया कि आदिपुरुष सोमवार को नौ से 10 करोड़ रुपए की सीमा में रह सकती है, जो कि शुक्रवार (16 जून को 35 करोड़ रुपए) के आंकड़े से 73% कम है।
आदिपुरुष ने शुक्रवार को पीवीआर, आईनॉक्स और सिनेपोलिस में 15.45 करोड़ रुपए जुटाए थे, जबकि सोमवार को इसके इन जगहों से 4.50 करोड़ रुपए के आस-पास जुटाने की आस जताई गई।
वैसे, इससे पहले इस मूवी ने तीन दिन में वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर 340 करोड़ रुपए की कमाई की थी। फिल्म निर्माता कंपनी टी-सीरीज ने सोमवार को यह दावा करते हुए बताया, "फिल्म आदिपुरुष ने बॉक्स ऑफिस पर पहले हफ्ते के अंत में आश्चर्यजनक रूप से 340 करोड़ रुपये की कमाई की। यह फिल्म हर उम्र के दर्शकों को पसंद आ रही है। जय श्री राम।"
वहीं, फिल्म ने दो दिनों में 240 करोड़ रुपए (दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर) कमाए थे। टी-सीरीज के मुताबिक, रिलीज के दूसरे दिन इसने 100 करोड़ रुपए कमाए, जबकि पहले दिन फिल्म को 140 करोड़ रुपए की बंपर ओपनिंग मिली थी।
दरअसल, ओम राउत द्वारा निर्देशित और भूषण कुमार द्वारा निर्मित इस फिल्म में प्रभास भगवान श्रीराम, कृति सेनन माता सीता और सैफ अली खान लंकापति रावण के किरदार में हैं, जबकि यह मूवी तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और तमिल में भी रिलीज की गई है।
