CM Yogi Bengal Rally: पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के कांथी साउथ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राज्य की मौजूदा स्थिति पर तीखा हमला बोला और कहा कि बंगाल की हालत पहले जैसी नहीं रही। योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में कहा कि एक समय था जब पश्चिम बंगाल देश की अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार माना जाता था। उन्होंने बताया कि कभी देश की कुल अर्थव्यवस्था में बंगाल का योगदान बहुत बड़ा था, लेकिन आज हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। उनके मुताबिक, राज्य अब विकास के रास्ते से भटक गया है।
टीएमसी पर योगी का तीखा हमला (Photo: ANI)
राज्य में विकास के बजाय वसूली का सिस्टम-सीएम योगी
उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस, फिर वामपंथी दलों और अब टीएमसी की सरकार ने मिलकर बंगाल को नुकसान पहुंचाया है। योगी ने आरोप लगाया कि पिछले 15 सालों में राज्य की स्थिति और खराब हुई है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार बढ़ गया है और गरीबों के लिए आने वाले पैसों का सही उपयोग नहीं हो रहा है। योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि मछुआरों और किसानों को सिर्फ वादे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर उन्हें कोई फायदा नहीं मिल रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में विकास के बजाय वसूली का सिस्टम चल रहा है। अपने भाषण में उन्होंने यह भी याद दिलाया कि बंगाल कभी शिक्षा, कला और संस्कृति का बड़ा केंद्र हुआ करता था।
बंगाल खोता जा रहा अपनी पुरानी पहचान
लोग यहां से नई सोच और नए अवसर लेकर आगे बढ़ते थे। लेकिन अब वही बंगाल अपनी पुरानी पहचान खोता हुआ नजर आ रहा है। सभा में मौजूद लोगों ने उनके भाषण का जोरदार समर्थन किया। योगी ने कहा कि बंगाल की मौजूदा हालत एक दिन में नहीं बनी, बल्कि यह कई वर्षों की गलत नीतियों का नतीजा है। कुल मिलाकर अगर कहा जाए तो योगी आदित्यनाथ का यह बयान पश्चिम बंगाल की राजनीति में नई बहस को जन्म दे सकता है। उन्होंने साफ संकेत दिया कि राज्य को फिर से विकास के रास्ते पर लाने की जरूरत है, ताकि वह अपनी पुरानी पहचान वापस हासिल कर सके।
