पश्चिम बंगाल में मतदान से पहले राजनीतिक तपिश बढ़ गई है। टीएमसी और भाजपा के नेता एक दूसरे पर जमकर आरोप-प्रत्यारोप कर रहे हैं। इस बीच आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर तीखा हमला बोला। साथ ही उन्होंने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार पर भ्रष्टाचार को संस्थागत रूप देने और बंगाल में महा जंगल राज कायम करने का आरोप लगाया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। (फोटो- पीटीआई)
'टीएमसी सरकार ने लूटपाट में पीएचडी हासिल कर ली'
रविवार को मेदिनीपुर में आयोजित विशाल विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने सत्ताधारी दल के शासन की आलोचना की। उन्होंने कहा कि 15 वर्षों में टीएमसी सरकार ने लूटपाट में पीएचडी हासिल कर ली है। टीएमसी की निर्मम सरकार के शासन में स्कूल शिक्षकों की भर्ती में लूट हो रही है। बच्चों के मध्याह्न भोजन में लूट हो रही है। एमएनआरईजीए के काम में लूट हो रही है। गरीबों के घरों के लिए आवंटित धन में लूट हो रही है। गांवों की सड़कों में लूट हो रही है। चक्रवात राहत कोष में लूट हो रही है।
'इस सरकार ने मां, माटी और मानुष,किसी को नहीं बख्शा'
इतना ही नहीं पीएम मोदी ने टीएमसी के 15 साल के कार्यकाल को महा जंगल राज भी करार दिया। पीएम ने कहा कि इस सरकार ने मां, माटी और मानुष,किसी को नहीं बख्शा। इस बार मैं देख रहा हूं कि बंगाल का चुनाव भाजपा के लोग नहीं लड़ रहे हैं,न ही भाजपा के उम्मीदवार और कार्यकर्ता लड़ रहे हैं, यह चुनाव मेरे बंगाल की जनता लड़ रही है...इसीलिए आज टीएमसी के गुंडे डर से कांप रहे हैं ।
आगामी चुनावों में भाजपा को एक विकल्प के रूप में पेश करते हुए पीएम मोदी ने प्रतिज्ञा की कि सरकार में आने के बाद आक्रमणकारियों और लुटेरों से निपटा जाएगा। उन्होंने कहा कि मैं आश्वस्त करना चाहता हूं कि भाजपा'सबका साथ, सबका विकास' करेगी,लेकिन हमलावरों और लुटेरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मैं बंगाल के युवाओं को आश्वस्त करना चाहता हूं कि भाजपा सरकार रोजगार मेले के माध्यम से भत्ता और नियुक्ति पत्र देगी। हालांकि, हजारों युवाओं के साथ अन्याय करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
महिला आरक्षण के नाम पर की विपक्ष को वोट न देने की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि TMC बहनों-बेटियों के आरक्षण को रोक रही है जबकि अपने वोटबैंक को धर्म के आधार पर आरक्षण देने लगी है। वोटबैंक के लिए धर्म के आधार पर आरक्षण देने का खेल चल रहा है। OBC का आरक्षण छीनना और मुस्लिम समाज को देने में जुटी है, जो संविधान, न्यायालय के हिसाब से गलत है। इसलिए मैं सभी बहन-बेटियों से कहूंगा कि इस बार TMC को बड़ी सज़ा मिलनी चाहिए।
इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर तीखा हमला बोला और बिष्णुपुर में भाजपा की चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मैं टीएमसी के सभी गुंडों, गिरोहों और भ्रष्ट तत्वों को आखिरी मौका दे रहा हूं। 29 अप्रैल से पहले अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन में आत्मसमर्पण कर दें। 4 मई के बाद किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। बिष्णुपुर के माफिया और टीएमसी के गिरोह, ध्यान से सुनो, अब इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।"
23 अप्रैल को है पहले चरण का मतदान
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को दो चरणों में वोटिंग होने वाली है।यहां वोटों की गिनती 4 मई को होगी।
इस बार, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी लगातार चौथी बार सत्ता में आने का लक्ष्य लेकर चल रही हैं, वहीं भाजपा, जिसने पिछले चुनाव में 77 सीटें हासिल की थीं, राज्य में सरकार बनाने के लिए नए सिरे से प्रयास कर रही है।
