Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि “सांप पर भरोसा किया जा सकता है, लेकिन बीजेपी पर नहीं।”
सीएम ममता बनर्जी ने बीजेपी पर साधा निशाना। ANI
उन्होंने यह बयान एक चुनावी रैली के दौरान दिया, जहां उन्होंने बीजेपी पर जनता को गुमराह करने और झूठे वादे करने का आरोप लगाया। ममता बनर्जी ने कहा कि राज्य के लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है और ऐसे दलों से बचना चाहिए जो समाज में विभाजन पैदा करते हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी चुनाव जीतने के लिए बाहरी लोगों को लाने और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी जैसी रणनीतियों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे तृणमूल कांग्रेस के समर्थन में मतदान करें और राज्य की पहचान, लोकतंत्र और अधिकारों की रक्षा करें।
ममता बनर्जी ने बीजेपी पर साधा निशाना
शुक्रवार (10 अप्रैल, 2026) को उत्तर 24 परगना जिले के तेंतुलिया में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि केंद्र में बीजेपी सरकार के रहते देश में कोई भी एजेंसी तटस्थ नहीं है क्योंकि बीजेपी ने सबको खरीद लिया है। उन्होंने कहा, 'उत्तर प्रदेश से 50,000 लोगों को लेकर एक पूरी ट्रेन असम भेजी गई।'
सीएम ममता बनर्जी ने आगे आरोप लगाया ,"लोगों, पैसे और मादक पदार्थों को लाया जा रहा है लेकिन हमारे कार्यकर्ता मुकाबला करेंगे और जीतेंगे।" ममता बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान मतदाता सूची से 90 लाख नाम हटा दिए गए हैं।
