Maharashtra LoP News: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की काउंटिंग जारी है अभी तक के आए रुझानों में महाराष्ट्र में अब एकतरफा मुकाबला दिख रहा है। महाराष्ट्र में बीजेपी गठबंधन काफी आगे चल रहा है वहीं विपक्ष का नेता कौन होगा ये बड़ा सवाल सामने आ रहा है क्योंकि विपक्ष का नेता तभी बनाया जा सकता है, जब किसी विपक्षी पार्टी के पास राज्य की कुल विधानसभा सीटों की संख्या की 10% सीट हो।
राज्य में विपक्ष का नेता कौन होगा?
10% या इससे अधिक विधायकों की संख्या किसी एक दल की होनी चाहिए, गठबंधन की नहीं। महाराष्ट्र विधानसभा में कुल 288 सीटें हैं। इस हिसाब से विपक्ष में बैठे किसी दल के पास कम से कम 29 सीटें होनी चाहिए।
हालांकि, अभी तक के रुझानों के अनुसार किसी भी दल के पास इतनी सीटें नहीं हैं। जिस वजह से महाराष्ट्र में विपक्ष का नेता चुन पाना मुश्किल हो सकता है।
वहीं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता देवेन्द्र फडणवीस ने शनिवार को विधानसभा चुनाव में भाजपा नीत गठबंधन महायुति के जीत ओर बढ़ने के बीच मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर किसी विवाद से इनकार किया और कहा कि महायुति के नेता इस बारे में फैसला करेंगे। फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के परिणाम बताते हैं कि राज्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का समर्थन करता है। उन्होंने महिला मतदाताओं को भी धन्यवाद दिया।
भाजपा के कुछ नेताओं ने फडणवीस को अगला मुख्यमंत्री बनाने की मांग की है
फडणवीस ने कहा, 'जनता ने झूठा विमर्श गढ़ने और धर्म के आधार पर मतदाताओं को बांटने के विपक्ष के प्रयासों को विफल कर दिया।'उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वह मतदाताओं, भाजपा की टीम और पार्टी के नेताओं के समर्थन से विपक्ष के चक्रव्यूह को तोड़ने में सफल रहे। भाजपा के कुछ नेताओं ने फडणवीस को अगला मुख्यमंत्री बनाने की मांग की है, जिसके बीच फडणवीस ने कहा कि महायुति (भाजपा, शिवसेना और राकांपा) में मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई विवाद नहीं है।
'महायुति में शामिल दलों के नेता (अगले मुख्यमंत्री के बारे में) फैसला करेंगे'
फडणवीस ने मुंबई में कहा, 'महायुति में शामिल दलों के नेता (अगले मुख्यमंत्री के बारे में) फैसला करेंगे।' उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के लोगों ने दिखा दिया है कि एकनाथ शिंदे की पार्टी ही बालासाहेब ठाकरे की असली शिवसेना है।फडणवीस ने मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना के लाभार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया और राज्य में महिलाओं पर इसके प्रभाव को रेखांकित किया।
पीएम मोदी ने एनडीए कार्यकर्ताओं की तारीफ करते हुए लिखा
उधर पीएम मोदी ने एनडीए कार्यकर्ताओं की तारीफ करते हुए लिखा, मैं एनडीए के हर कार्यकर्ता पर उनके जमीनी प्रयासों के लिए गर्व करता हूं। उन्होंने कड़ी मेहनत की, लोगों के बीच गए और हमारे सुशासन के एजेंडे पर विस्तार से बात की। उन्होंने झारखंड में जेएमएम की जीत पर सीएम हेमंत सोरेन को भी बधाई दी है।
