Tejashwi Yadav Jan Vishwas: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने जनता का भरोसा जीतने की खातिर आज से राज्य में जन विश्वास यात्रा की शुरुआत की है। मंगलवार को पटना से मुजफ्फरपुर के लिए रवाना होने से पहले प्रदेश मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के महागठबंधन से अलग होकर पुराने सहयोगी भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के साथ राज्य में नयी सरकार बनाने के कारण सत्ता से बाहर हो चुके यादव अपनी इस यात्रा के जरिये 11 दिन में सभी 38 जिलों को कवर करने की कोशिश करेंगे।
तेजस्वी यादव
11 दिन की जन विश्वास यात्रा
तेजस्वी यादव पूर्ववर्ती महागठबंधन की सरकार में उप मुख्यमंत्री थे। अपनी 11 दिन की इस यात्रा पर रवाना होने से पहले उन्होंने पूर्जा-अर्चना की और गाय को रोटी खिलाई। इसके अलावा, पटना में अपने पिता व राजद प्रमुख लालू प्रसाद और माता एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी का आशीर्वाद लिया। अपनी पुत्री कात्यायनी को गोद में लेकर प्यार किया तथा उसके पैर को अपने माथे पर रखा। अपनी इस यात्रा पर रवाना होने के पहले तेजस्वी ने संवाददाताओं से कहा, नीतीश कुमार जी के पास राज्य के लोगों के लिए कोई दृष्टिकोण नहीं है और न ही उनके पास गठबंधन बदलने का कोई कारण था।
जन विश्वास यात्रा: नीतीश कुमार पर साथ निशाना
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी जनता के मत को अपने पैर की जूती समझते हैं, जनता उन्हें जवाब देगी। उन्होंने कहा कि आज उन्हें माता की ममता, पिता की क्षमता और अपनी पत्नी (राजश्री) के समर्थन से ताकत मिल रही है। बिहार के लोग राजद पर अपना प्यार लुटा रहे हैं, यही कारण है कि यह लंबे समय से विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी रही है। मैं उनसे आग्रह करने जा रहा हूं कि वे हमें और भी मजबूती से समर्थन दें ताकि हम उनके लिए काम कर सकें।
जन विश्वास यात्रा: राबड़ी देवी का नीतीश पर निशाना
वहीं, बिहार की पूर्व सीएम और राजद नेता राबड़ी देवी ने कहा कि वह (नीतीश कुमार) पिछली बार भी खुद ही आए थे और इस बार भी खुद ही चले गए। पिछले 25 वर्षों से हमारे खिलाफ जांच चल रही है। ईडी, सीबीआई, कुछ भी नया नहीं है। बिहार और देश की जनता हमारे साथ है।
लालू ने दिया आशीर्वाद
इस अवसर पर राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने तेजस्वी को आशीर्वाद देते हुए उनके बारे में कहा़, पूरा आशीर्वाद है। बहुत काम किया है आगे भी करेगा। जनता जनार्दन से मेरी अपील है इसके मनोबल को बढ़ाएं ताकि वह अपना लक्ष्य हासिल कर ले। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा, नीतीश कुमार ने हमारे साथ जो किया वह अनुचित था। वह हमेशा भागते हैं। हम कभी साझेदारी नहीं तोड़ते। मुजफ्फरपुर के बाद यादव का आज ही सीतामढ़ी और शिवहर में दो और जनसभाओं को संबोधित करने का कार्यक्रम है। उनका रात्रि विश्राम मोतिहारी में होगा। तेजस्वी की इस जन विश्वास यात्रा का समापन एक मार्च को होगा।
