Rajasthan Election 2023: राजस्थान में चुनावी घमासान के बीच आज कांग्रेस नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी को निशाने पर लिया। प्रियंका गांधी वाड्रा ने केकड़ी (अजमेर) में जनसभा के दौरान कहा कि राजस्थान में हमारे सारे नेता-कार्यकर्ता एकजुट होकर रणभूमि में उतरे हैं, भाजपा पूरी तरह से बिखरी हुई पार्टी है। प्रियंका ने कहा कि अगर कोई धर्म या जाति के आधार पर वोट मांग रहा है तो इसका मतलब है कि वह काम के आधार पर वोट नहीं मांग सकता। बड़े-बड़े उद्योगपतियों को सींचना भाजपा की नीति है।
प्रियंका गांधी वाड्रा
खरगे का पीएम मोदी पर निशाना
वहीं, राजस्थान के अनूपगढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, हमारे पीएम हर जगह उन क्षेत्रों में जा रहे हैं जहां चुनाव हैं। उन्होंने ऐसी बातें कहना बंद कर दिया है जो वो कहते थे। वह कहते थे कि विदेश से काला धन वापस लाकर सभी को 15 लाख रुपये दूंगा। उन्होंने कहा था कि हर साल युवाओं को 2 करोड़ नौकरियां देंगे। अब 10 साल पूरे होने जा रहे हैं। उन्होंने किसानों से कहा कि मोदी सरकार किसानों की आय दोगुनी करेगी। क्या ऐसा हुआ?
