Rahul Gandhi : मिजोरम में सोमवार को एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। चुनावी सभा में राहुल ने मणिपुर हिंसा का मामला भी उठाया। कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री मणिपुर से ज्यादा इजरायल की घटनाओं से चिंतित हैं। राहुल अपने दो दिन के दौरे पर मिजोरम पहुंचे हैं। साथ ही उन्होंने भाजपा पर 'आइडिया ऑफ मणिपुर' को नष्ट करने का आरोप लगाया। मिजोरम विधानसभा के लिए चुनाव सात नवंबर को एक ही चरण में होंगे और मतगणना तीन दिसंबर को होगी।
आइजोल में रैली को संबोधित करते कांग्रेस सांसद राहुल गांधी।
आइजोल में रैली को संबोधित किया
शहर की सड़कों पर दो किलोमीटर की पदयात्रा के बाद कांग्रेस नेता गांधी ने आइजोल में राजभवन के नजदीक एक रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पड़ोसी मणिपुर अब एक संगठित राज्य नहीं रह गया है, बल्कि जातीय आधार पर दो राज्यों में बंट गया है। मिजोरम की दो दिवसीय यात्रा पर पहुंचे राहुल ने इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस ने 1986 में शांति समझौते पर हस्ताक्षर करके विद्रोह प्रभावित पूर्वोत्तर राज्य में शांति स्थापित करने की पहल की थी।
भारत की अवधारणा पर हमला करने का आरोप
उन्होंने कहा, ‘मेरे लिए यह आश्चर्य की बात है कि प्रधानमंत्री और भारत सरकार को इजराइल में जो (इजरायल-हमास संघर्ष) हो रहा है उसमें इतनी दिलचस्पी है, लेकिन मणिपुर में क्या हो रहा है उसकी कोई चिंता नहीं। मणिपुर में लोगों की हत्याएं की गईं, महिलाओं से छेड़छाड़ की गई और बच्चों को मार दिया गया। भारत की अवधारणा एक-दूसरे का सम्मान करने, सहिष्णु बनने, एक दूसरे के विचारों, धर्मों और भाषाओं से सीखने की है..... यही भारत की अवधारणा है जिस पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हमला कर रही है।’
उन्होंने कहा, ‘वे (भाजपा) विभिन्न समुदायों, धर्मों और भाषाओं पर हमला करते हैं और वे देश में नफरत और हिंसा फैलाते हैं। वे अहंकार और एक दूसरे को नहीं समझने की प्रवृत्ति को फैला रहे हैं जो भारत की अवधारण के पूरी तरह से खिलाफ है।’
