Haryana Assembly Elections 2024: कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अपनी चुनावी यात्रा की शुरुआत अंबाला के नारायणगढ़ विधानसभा सीट से की है। यह यात्रा 30 सितंबर से 3 अक्टूबर तक चलेगी, जिसमें 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर एक दिन का ब्रेक रखा गया है। पहले दिन यह यात्रा नारायणगढ़ से शुरू होकर कई विधानसभा क्षेत्रों से होकर शाम को कुरुक्षेत्र पहुंचेगी।
हरियाणा चुनाव प्रचार में राहुल और प्रियंका की एंट्री।
सीटों पर फोकस कर रही है रथयात्रा?
चुनाव प्रचार के आखिरी हफ्ते में कांग्रेस पूरी ताकत झोंक रही है, और यह रथयात्रा मुख्य रूप से उन सीटों पर फोकस कर रही है, जहां कांग्रेस की जीत की संभावना अधिक है। राहुल गांधी 1 अक्टूबर को बहादुरगढ़, सोनीपत, और जींद सहित अन्य विधानसभाओं में जनसभाएं करेंगे। 3 अक्टूबर को वह दक्षिण हरियाणा की विधानसभाओं में प्रचार करेंगे।
प्रत्याशी विनेश फोगाट के लिए भी होगी सभा
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी 2 अक्टूबर को हरियाणा में 3 सभा करेंगी जिसमें से एक सभा जुलाना से प्रत्याशी विनेश फोगाट के लिए भी होगी , सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक 2 तारीख को कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे भी जनसभाओं को संबोधित कर सकते हैं हालांकि यह उनकी तबीयत पर निर्भर करेगा।
बीजेपी को घेरने की कोशिश करेंगे राहुल-प्रियंका
चुनाव के इस अंतिम चरण में, राहुल और प्रियंका गांधी दोनों सक्रिय रूप से चुनावी मैदान में उतारकर बीजेपी को घेरने की कोशिश करेंगे। राहुल गांधी की यह यात्रा, भारत जोड़ो यात्रा की तरह छोटे पैमाने पर होगी, जिसमें वे रैली, नुक्कड़ सभाएं और आम लोगों से मुलाकात करेंगे।
