Mamata on PM Modi Jhalmuri Stop: पीएम मोदी द्वारा पश्चिम बंगाल के झारग्राम में दुकान पर रुककर झालमुड़ी खाने का वीडियो वायरल हो रहा है। अब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी प्रधानमंत्री के चुनाव प्रचार के दौरान बंगाल के झारग्राम में 'झालमुड़ी' खरीदने के लिए रुकने पर प्रतिक्रिया दी।
पीएम मोदी के झालमुरी खाने पर ममता बनर्जी की प्रतिक्रिया सामने आई
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को आरोप लगाया कि चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'झालमुड़ी' खरीदने के लिए अचानक रुकना महज़ एक 'ड्रामा' था। उनकी यह टिप्पणी तब आई, जब एक दिन पहले मोदी ने झाड़ग्राम में अपने चुनावी दौरे के दौरान 'झालमुड़ी' खरीदने के लिए एक जगह रुककर ब्रेक लिया था। 'झालमुड़ी' चावल के मुरमुरे, हरी मिर्च और अन्य मसालों से बना एक लोकप्रिय बंगाली स्ट्रीट फ़ूड है।
बनर्जी ने मोदी का नाम लिए बिना कहा, 'यह सब ड्रामा है। जब प्रधानमंत्री अचानक चुनाव प्रचार के दौरान बिना किसी तय कार्यक्रम के रुके, तो वहां कैमरा कैसे मौजूद था? यह पूरी घटना पहले से लिखी हुई (स्क्रिप्टेड) थी। उन्हें अपनी जेब में 10 रुपये का नोट रखे हुए देखा गया। क्या इस पर यकीन किया जा सकता है?' TMC प्रमुख बीरभूम जिले के मुरारई विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रही थीं।
पीएम मोदी झालमुड़ी लेकर बच्चों को खिलाते और खुद भी खाते दिखे
पश्चिम बंगाल के झारग्राम से पीएम मोदी का एक बेहद दिलचस्प वीडियो सामने आया है। इसमें पीएम मोदी एक दुकान से झालमुड़ी लेकर बच्चों को खिलाते और खुद भी खाते दिखे। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान झाड़ग्राम में एक बेहद ही दिलचस्प और खुशनुमा नजारा देखने को मिला। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक आम नागरिक की तरह अचानक अपना काफिला रुकवाकर झालमुड़ी की दुकान पर पहुंच गए और दुकानदार से झालमुड़ी खिलाने को कहा। इस दौरान उन्होंने दुकानदार विक्रम साह से बात भी की।
पीएम मोदी ने पूछा- 'अच्छे वाला झालमुड़ी कितने का होता है?'
विक्रम साह की दुकान पर पहुंचते ही पीएम मोदी ने सीधे कहा,'भाई हमें अपना झालमुड़ी खिलाओ।'जब पीएम मोदी ने पूछा कि अच्छे वाला झालमुड़ी कितने का होता है,तो दुकानदार ने बताया कि यह 10 और 20 रुपये का।इस पर पीएम मोदी ने बड़े ही सहज भाव से कहा,"हां जो भी है बना दो।' बातचीत के दौरान खाने-पीने की चीजों को लेकर भी चर्चा हुई। फिर पीएम मोदी जब उन्हें अपनी जेब से निकालकर 10 रुपये देने लगे तो उन्होंने सम्मान के साथ पैसे लेने को लेकर संकोच जताते हुए मना किया। इस पर पीएम मोदी ने कहा कि नहीं भाई ऐसे नहीं चलेगा और उन्होंने विक्रम साह को 10 रुपये दिए।
मजाक में कहा 'हां सब खाते हैं बस दिमाग नहीं खाते'
इस बीच पीएम मोदी से विक्रम ने फिर पूछा कि प्याज खाते हैं तो पीएम मोदी ने चुटकी लेते हुए मजाक में कहा हां सब खाते हैं बस दिमाग नहीं खाते। पीएम मोदी की इस बात पर वहां मौजूद सभी लोग हंसने लगे। वहीं, जैसे ही पीएम का काफिला रुका मौके पर लोगों का जुटान हो गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झालमुड़ी भी खरीदी और वहां मौजूद बच्चों को खिलाकर खुद भी खाई। इस दौरान लोगों की भीड़ जय श्री राम के नारे लगाती रही।
