Karnataka Assembly Election 2023 : कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई ने मंगलवार को हुबली-धारवाड़ पश्चिम विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव प्रचार किया। इस सीट से भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए जगदीश शेट्टार उम्मीदवार हैं। शेट्टार इस सीट पर कई बार विजयी हुए हैं। कर्नाटक में विधानसभा की 224 सीटों के लिए चुनाव प्रचार जोरों पर है। राज्य में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और जेडी-एस के बीच है। चुनाव प्रचार में सभी दलों ने अपनी-अपनी ताकत झोंक दी है। इस बार आम आदमी पार्टी भी पूरे दम-खम के साथ चुनाव लड़ रही है। लोगों को संबोधित करते हुए सीएम ने कांग्रेस और शेट्टार पर जमकर हमला किया।
कर्नाटक में विधानसभा की 224 सीटों पर हो रहे चुनाव।
शेट्टार पर हमलावर हुए शाह
भाजपा की तरफ से केंद्रीय अमित शाह चुनाव प्रचार को धार देने में जुटे हैं। सोमवार को उन्होंने हासन में रोड-शो किया। मंगलवार को शाह ने शेट्टार पर हमला बोलते हुए कहा कि वह इस बार चुनाव हारेंगे। गृह मंत्री ने कहा कि हुबली हमेशा भाजपा के लिए वोट करता रहा है। शाह ने संवाददाताओं से कहा, 'भाजपा को कोई नुकसान नहीं होगा। जगदीश शेट्टार खुद चुनाव हार जाएंगे। हुबली के लोग हमेशा से भाजपा को वोट करते आए हैं। यहां भाजपा के सभी कार्यकर्ता एकजुट हैं।' भाजपा उम्मीदवारों के लिए मुख्यमंत्री बोम्मई लगातार चुनाव प्रचार कर रहे हैं।
#WATCH | Karnataka CM & BJP leader Basavaraj Bommai campaigns in Hubli-Dharwad West Assembly constituency ahead of… t.co/5srambu75y
— ANI (@ANI) Apr 25, 2023
बोम्मई ने शेट्टार एवं सावदी पर निशाना साधा
सोमवार को मीडिया से बातचीत में बोम्मई ने कहा कि भाजपा में रहते हुए शेट्टार एवं सावदी ने सत्ता का सुख भोगा लेकिन अब ये कांग्रेस में शामिल हो गए। जनता इनकी असलियत पहचान गई है। चुनाव में इन्हें लोग स्वीकार नहीं करेंगे। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि 'मैंने कभी सोचा नहीं था कि मैं राज्य का मुख्यमंत्री बनूंगा। मुझे सीएम बनाने के बारे में फैसला पार्टी हाई कमान ने किया। आगे भी सीएम के बारे में फैसला पार्टी हाई कमान ही करेगा।' चुनाव प्रचार में जुटे बोम्मई कांग्रेस पर लगातार हमले कर रहे हैं। रविवार को उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा भारी बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।
13 मई को आएंगे चुनाव नतीजे
बता दें कि विधानसभा की 224 सीटों के लिए एक चरण में 10 मई को मतदान होगा। चुनाव नतीजे 13 मई को आएंगे। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा, कांग्रेस और जेडी-एस के बीच है। कांग्रेस की तरफ से वायनाड के पूर्व सांसद राहुल गांधी चुनाव प्रचार में उतर गए हैं। तो चुनाव में भाजपा के दिग्गज नेताओं की एंट्री हो चुकी है।
