Jammu and Kashmir Assembly Election 2024: गुलाम नबी आज़ाद के नेतृत्व वाली डीपीएपी ने पहले चरण के मतदान वाली 13 सीटों के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। वहीं जम्मू-कश्मीर विधानसभा के लिए बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होनी है। जिसमें विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया जाएगा। वहीं पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) पहले ही तीन प्रत्याशियों का ऐलान कर चुकी है। PDP ने पूर्व MLC फिरदौस टाक को किश्तवाड़, शेख नासिर हुसैन को इंदरवाल और गसंदेश महाजन को पाडर-नागसेनी विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया है।
डीपीएपी ने 13 सीटों के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की
लोकसभा चुनावों में DPAP ने किया था निराशाजनक प्रदर्शन
सूत्रों की माने तो लोकसभा चुनावों में निराशाजनक प्रदर्शन से घबराई जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आज़ाद की अगुवाई वाली डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आज़ाद पार्टी (डीपीएपी) उन नेताओं के साथ गठबंधन करने की योजना बना रही थी, जो दूसरों के साथ गठबंधन में नहीं हैं या हाल ही में अपनी पार्टियों से अलग हुए हैं।
बता दें, 75 वर्षीय आज़ाद ने कांग्रेस के साथ अपने पांच दशक लंबे संबंध को समाप्त करने के बाद सितंबर 2022 में डीपीएपी का गठन किया था। हालांकि, डीपीएपी जिसे वह नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी जैसी क्षेत्रीय ताकतों के लिए एक विकल्प के रूप में पेश करना चाहते थे, अपने पहले राजनीतिक परीक्षण में विफल रही, और इसके सभी तीन लोकसभा उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी। इसके बाद पार्टी में भगदड़ मच गई और कोषाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री ताज मोहिउद्दीन सहित आधा दर्जन से अधिक पार्टी नेताओं ने पार्टी छोड़ दी थी। हालांकि, जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनावों की घोषणा के बाद आजाद गठबंधन के जरिए पार्टी का आधार मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।
वहीं डीपीएपी के मुख्य प्रवक्ता सलमान नाज़ीमी ने पीपल्स कॉन्फ़्रेंस या अपनी पार्टी के साथ गठबंधन की संभावना को खारिज करते हुए कहा था कि धर्मनिरपेक्ष सोच वाले नेताओं से बातचीत चल रही है, जो किसी राजनीतिक दल में शामिल नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि हम कई दलों और गठबंधनों के संपर्क में हैं और जल्द ही उम्मीदवारों का नाम घोषित कर दिया जाएगा। जिसके बाद आज पार्टी ने 13 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है।
