Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा में विधानसभा की 90 सीटों के लिए चुनाव प्रचार का शोर तीन अक्टूबर की शाम पांच बजे समाप्त हो गया। इन सभी सीटों पर पांच अक्टूबर को वोटिंग होगी। शनिवार को मतदाता कुल 1031 उम्मीदवारों के चुनावी किस्मत का फैसला करेंगे। इनमें महिला उम्मीदवारों की संख्या 101 है। हरियाणा के 22 जिलों के 90 विधानसभा क्षेत्रों के 2.03 करोड़ मतदाता मतदान के लिए पात्र हैं। राज्य में इस बार मुख्य मुकाबला परंपरागत रूप से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच है।
हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024
दो करोड़ से अधिक मतदाता
जजपा, इनेलो और आम आदमी पार्टी ने भी पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ा है। वोटों एवं जातिगत समीकरण को देखते हुए राज्य में कुछ सीटों पर मुकाबला त्रिकोणीय एवं चतुष्कोणीय भी बना हुआ है। चुनाव में बड़े-बड़े दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है। सीएम नायब सिंह सैनी, भूपिंदर सिंह हुड्डा, विनेश फोगाट, अनिल विज और दुष्यंत चौटाला ऐसे चेहरे हैं जिनकी हार-जीत पर सभी की नजरें रहेंगी। हरियाणा के सभी 90 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान पांच अक्टूबर को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। नाव में दो करोड़ से अधिक मतदाता मतदान के पात्र हैं जिनमें 8,821 मतदाताओं की उम्र 100 साल से अधिक है। मतदान के लिए पूरे राज्य में कुल 20,629 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
यह भी पढ़ें- क्या मारा गया हिजबुल्लाह का नया सरगना हाशिम सफीद्दीन? इजरायल ने बमबारी करके लेबनान को दहलाया
हाई प्रोफाइल सीटें
- लाडवा -नायब सिंह सैनी
- गढ़ी सांपला-किलोई-भूपेंद्र सिंह हुड्डा
- ऐलनाबाद-अभय सिंह चौटाला
- उचाना कलां-दुष्यंत चौटाला
- अंबाला कैंट-अनिल विज
- बादली-ओपी धनखड़
- जुलाना-विनेश फोगाट
- हिसार-सावित्री जिंदल
- रानिया-रंजीत चौटाला
- अंबाला कैंट-चित्रा सरवारा
- गुड़गांव-मुकेश शर्मा
भाजपा-कांग्रेस के दिग्गजों ने किया प्रचार
भाजपा ने अपने चुनाव प्रचार में 'डबल इंजन' सरकार के काम और प्रदर्शन पर जोर दिया। इसके साथ ही उसने आरक्षण, भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण और वंशवाद की राजनीति जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीबों से जुड़े मुद्दे दोनों मुख्य दलों के चुनावी घोषणापत्रों का अहम हिस्सा हैं। प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस के राहुल गांधी और भूपेंद्र सिंह हुड्डा, भाजपा के योगी आदित्यनाथ और नायब सिंह सैनी, जजपा के दुष्यंत चौटाला और इनेलो के अभय सिंह चौटाला उन प्रमुख नेताओं में थे, जिन्होंने अपनी-अपनी पार्टियों के लिए प्रचार किया।
पीएम ने चार रैलियां कीं
भाजपा के अभियान का नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया और उन्होंने चार रैलियों को संबोधित किया। मोदी ने अपने भाषणों में कई मुद्दों को लेकर कांग्रेस पर हमला किया और कहा कि उन्होंने राम मंदिर मुद्दा सहित देश के लिए महत्वपूर्ण हर मुद्दे को उलझाए रखा। किसानों, गरीबों, दलितों और पिछड़े वर्गों सहित विभिन्न तबकों के कल्याण के लिए केंद्र और हरियाणा की भाजपा नीत सरकारों द्वारा उठाए गए विभिन्न कदमों को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने मतदाताओं से राज्य के त्वरित विकास के लिए भाजपा को फिर से सत्ता में लाने की अपील की।
राहुल गांधी ने भाजपा पर हमला बोला
वहीं, भाजपा पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर संविधान पर हमला करने का आरोप लगाया और बेरोजगारी, अग्निवीर योजना, किसानों के कल्याण सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार की आलोचना की। राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार देश के मुट्ठी भर अमीरों के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि संविधान गरीबों की रक्षा करता है और ‘आरएसएस के लोग संविधान को कमजोर करना चाहते हैं।’
