Delhi Vidhan Sabha Chunav Parinam 2025 Avadh Ojha Result Updates: दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। जहां अरविंद केजरीवाल, सीएम आतिशी जैसे नेता पिछड़ रहे हैं, वहीं जंगपुरा से मनीष सिसोदिया चुनाव हार गए हैं। इसी बीच पटपड़गंज से आप उम्मीदवार अवध ओझा ने भी हार मान ली है। अवध ओझा ने कहा कि ये मेरी व्यक्तिगत हार है। मैं लोगों से कनेक्ट नहीं कर पाया, मेरे पास कम समय था। एक महीने में जितने लोगों से कनेक्ट कर पाया, उतना वोट मुझे मिला। तो ये मेरी व्यक्गत हार है। बता दें कि पटपड़गंज से अवध ओझा के सामने बीजेपी के रविंदर नेगी थे।
बीजेपी के रविंदर नेगी ने क्या कहा सुनिए।
सिसोदिया की जगह दिया था टिकट
चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट में चौकाने वाला फैसला पटपड़गंज सीट को लेकर लिया था। यहां से पूर्व सीएम मनीष सिसोदिया लगातार चुनाव जीतते रहे हैं, लेकिन उनकी जगह पार्टी ने हाल ही में AAP में शामिल हुए अवध ओझा को मैदान में उतार दिया। पार्टी ने पूर्व उपमुख्यमंत्री और पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया को दिल्ली की जंगपुरा सीट से अपना प्रत्याशी बनाया था और वह इस सीट से चुनाव हार चुके हैं।
चुनाव से पहले आप में हुए शामिल
दिल्ली चुनाव से ऐन पहले 2 दिसंबर 2024 को अवध ओझा आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए थे। पार्टी में शामिल होते ही अवध ओझा ने कहा कि मैं अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने मुझे राजनीति में आकर शिक्षा के लिए काम करने का मौका दिया। शिक्षा एक ऐसा माध्यम है जो परिवार, समाज और राष्ट्र की आत्मा है। आज अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत में मैं आप सभी से यह साझा करना चाहता हूं कि अगर मुझे राजनीति और शिक्षा में से किसी एक को चुनना पड़े तो मैं निश्चित रूप से शिक्षा को चुनूंगा। राजनीति में आकर शिक्षा का विकास ही मेरा उद्देश्य है।
