Delhi Chunav 2025: आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर भाजपा को तगड़ा झटका दिया है। जंगपुरा विधानसभा सीट और मालवीय नगर सीट के कई भाजपा और कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ताओं ने आप का दामन थामा है। BJP के नेता, पूर्व पार्षद चौधरी विजयपाल सिंह, मोहित चौधरी और उनकी पूरी टीम ने AAP की सदस्यता ग्रहण की। इसके अलावा मालवीय नगर विधानसभा सीट के भी कई नेता और कार्यकर्ता आम आदमी पार्टी में शामिल हुए।
AAP ने भाजपा को दिया तगड़ा झटका।
भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता ‘आप' में शामिल
दिल्ली की जंगपुरा विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार मनीष सिसोदिया ने चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़कर सत्तारूढ़ पार्टी में शामिल हुए कई नेताओं और कार्यकर्ताओं का बृहस्पतिवार को स्वागत किया। दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान पांच फरवरी को और मतगणना आठ फरवरी को होगी।
जंगपुरा में यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री सिसोदिया को चुनाव में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहले, पटपड़गंज उनकी पारंपरिक सीट थी। ‘आप’ के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह के साथ सिसोदिया ने नए सदस्यों का स्वागत किया, जिनमें भाजपा नेता और पूर्व पार्षद विजयपाल सिंह व जंगपुरा से भाजपा के ब्लॉक उपाध्यक्ष मोहित चौधरी शामिल थे।
सिसोदिया ने इस बारे में पत्रकारों से कहा, “भाजपा के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ‘आप’ की नीतियों और अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व से प्रभावित होकर हमारे आंदोलन में शामिल होने का फैसला किया है। यह जंगपुरा निर्वाचन क्षेत्र के लिए एक मजबूत टीम बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।” जंगपुरा विधानसभा सीट पर भाजपा ने तरविंदर सिंह मारवाह और कांग्रेस ने फरहाद सूरी को चुनाव मैदान में उतारा है, जिससे मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।
मालवीय नगर के कई नेताओं ने उठाई आप की झाड़ू
दिल्ली में आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल जी के कामों और नीतियों से प्रभावित होकर कांग्रेस और BJP के तमाम वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मनीष सिसोदिया जी, संजय सिंह जी और सोमनाथ भारती जी की मौजूदगी में AAP की सदस्यता ली।
आगामी 5 फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होने हैं, वहीं 8 फरवरी को चुनावी नतीजे आएंगे। देखना होगा कि इस बार भी आम आदमी पार्टी की प्रचंड जीत होती है या फिर वो इस बार तगड़ा झटका लगेगा।
