Priyanka Gandhi Mandla Rally : मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे नेताओं के जुबानी हमले तेज होते जा रहे है। मंडला में गुरुवार को जन आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रदेश की शिवराज सिहं चौहान पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा की यह सरकार सभी मोर्चों पर विफल हुई है। रोजगार की तलाश में लोग राज्य छोड़कर जा रहे हैं लेकिन उनके लिए कुछ नहीं किया गया है। प्रियंका ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी शिवराज सरकार को घेरा। प्रियंका की आज ग्वालियर में भी रैली होनी है।
मंडला में रैली को संबोधित करतीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी।
एमपी में लापता हुईं सबसे ज्यादा महिलाएं
कांग्रेस महासचिव ने कहा, 'जो वीडियो वायरल हुआ उसे आपने देखा होगा। देश में सबसे ज्यादा लड़ियां मध्य प्रदेश से लापता हुई हैं। इनके शासन में 1.5 लाख औरतें एवं लड़कियां लापता हुई हैं। यहां रोजाना बलात्कार की 17 घटनाएं होती हैं। आपने उज्जैन की घटना देखी होगी। आदिवासियों पर अत्याचार के मामले में मध्य प्रदेश अव्वल है। इस राज्य में हालात खराब हो गए हैं।'
मनरेगा को लागू नहीं किया-प्रियंका
प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में लोगों को जो अधिकार दिए गए, सत्ता में आने पर भाजपा ने उसे छीन लिया। सरपंचों की ताकत कम कर दी गई। मनरेगा को लागू नहीं किया जाता है। गांवों में रोजगार नहीं मिलने पर गांवों से लोगों को पलायन हुआ है। लोगों की जमीन छीनी गई। किसानों को उनके उत्पाद का सही दाम नहीं मिलता है। लोग जब आंदोलन करते हैं तो उन पर बल प्रयोग किया जाता है।
'चुनाव के समय भावनात्मक मुद्दे लेकर आती है BJP'
जन आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका ने आगे कहा, 'रोजगार के लिए लोग प्रदेश छोड़कर जा रहे हैं लेकिन यहां भाजपा की सरकार आपके लिए रोजगार के अवसर मुहैया नहीं करा रही है। यह सरकार केवल लूट में सलिप्त है। चारो तरफ घोटाला है। चुनाव के समय ये लोग ऐसे भावनात्मक मुद्दे लेकर आते हैं जिनका वास्तविकता से कोई लेना-देना नहीं होता।'
