CM Yogi Adityanath on Aligarh Muslim University: उत्तर प्रदेश की अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के अल्पसंख्यक आरक्षण पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, जब केंद्र का पैसा एएमयू में लगा है तो वहां भी एससी, एसटी व अन्य को नौकरी व शिक्षा में आरक्षण मिलना चाहिए। उन्होंने कहा, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी केंद्र के पैसे से चलती है, लेकिन वंचितों-पिछड़ों को आरक्षण नहीं दिया जा रहा है। ये बातें सीएम योगी ने अलीगढ़ की खैर विधानसभा सीट पर चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहीं।
सीएम योगी आदित्यनाथ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, केंद्र सरकार के पैसे से चलने वाला एएमयू 50 फीसदी मुसलमानों को आरक्षण देता है, लेकिन एससी-एसटी, ओबीसी व अन्य जातियों को वहां आरक्षण नहीं मिलता है। मंडल कमीशन की रिपोर्ट के आधार पर आरक्षण की सुविधा एससी-एसटी समुदाय को मिलती है, लेकिन एएमयू में ऐसा नहीं किया जाता है।
कांग्रेस-सपा जैसी पार्टियां राष्ट्रीय एकता के साथ कर रहीं समझौता
सीएम योगी ने कहा, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बसपा अपने वोट बैंक को बचाने के लिए आपकी भावना के साथ, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के साथ समझौता कर रहे हैं। उन्होंने कहा, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय को अल्पसंख्यक संस्था के रूप में स्थापित करना चाहिए या सामान्य संस्था के रूप में रहना चाहिए? इस पर कल माननीय सुप्रीम कोर्ट में बहस हो रही थी। भारत के संसाधनों से पलने और जनता के टैक्स से चलने वाला ऐसा संस्थान, जो पिछड़ी, अनुसूचित जाति या जनजाति के लोगों को आरक्षण नहीं देता है, लेकिन मुसलमानों के लिए स्वयं के माध्यम से 50 फीसदी आरक्षण की व्यवस्था कर रहे हैं। उन्होंने कहा, भारत का संविधान मंडल कमीशन की रिपोर्ट के आधार पर अनुसूचित जातियों, जनजातियों और अन्य पिछड़ा वर्गों को आरक्षण प्रदान किया गया है।
बंटेंगे तो कटेंगे- सीएम योगी
योगी आदित्यनाथ ने कहा, अयोध्या में रामजी का वनवास हमने देखा, मथुरा का मामला हमारे सामने है। हमारी मां-बहनों के साथ क्या कुछ नहीं हुआ, अगर इन सबके बावजूद हम आंखों पर पट्टी बांधकर जाति में बंटे हुए हैं, तो कटने के सिवाय कोई दूसरी नीति नहीं हो सकती। मैं कहता हूं, बंटो मत, ये बांटने वाले आपके दुश्मन हैं।
