छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव 2023 से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा दांव चला है। गुरुवार (दो नवंबर, 2023) को उन्होंने चुनावी सूबे में कहा कि यह मोदी की गारंटी है कि जिन लोगों ने राज्य को लूटा है, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। बस्तर क्षेत्र के कांकेर जिले में जन सभा के दौरान वह यह भी बोले- जहां कहीं भी कांग्रेस है, वहां विकास नहीं हो सकता।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जन सभा के दौरान अपनी बात रखते हुए।
मोदी ने इस दौरान लोगों से दावा किया- यह चुनाव किसी विधायक या फिर मुख्यमंत्री को चुनने का नहीं है बल्कि यह आपके और आपके बच्चों के भविष्य को तय करेगा। बकौल मोदी, "भाजपा का संकल्प छत्तीसगढ़ को देश के शीर्ष राज्यों की श्रेणी में लाना और गरीबों-आदिवासियों व पिछड़ों के हितों की रक्षा करना है। अगर भाजपा छत्तीसगढ़ में सत्ता में आई तो प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत काम में तेजी लाई जाएगी।" पीएम ने इसे एक गारंटी करार दिया।
वैसे, पीएम ने आगे कहा, "छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के पांच वर्ष के शासनकाल में केवल सत्तारूढ़ दल के नेताओं के बच्चों और उनके परिजनों को ही फायदा हुआ है...गरीबों को लाभ नहीं मिला है।" कांग्रेस पर निशाना साधते हुए वह बोले- उन्होंने 2013-14 में मेरे साथ दुर्व्यवहार किया, क्योंकि मैं अन्य पिछड़ा वर्ग से हूं।
छत्तीसगढ़ में चुनाव की घोषणा के बाद कांग्रेस शासित राज्य में प्रधानमंत्री की यह पहली चुनावी रैली थी। कांकेर सूबे की राजधानी रायपुर से लगभग 150 किलोमीटर दूर है। प्रधानमंत्री की रैली को देखते हुए कांकेर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। दरअसल, छत्तीसगढ़ में रमन सिंह के नेतृत्व में 15 वर्ष (2003-2018) तक सत्ता में रहने के बाद भाजपा को 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। पार्टी अब राज्य में सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही है।
कुल 90 सदस्यीय राज्य विधानसभा के लिए सात और 17 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा। नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग के सात जिलों तथा राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, कबीरधाम और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिलों की 20 सीट में पहले चरण में व बाकी 70 सीट पर दूसरे चरण में मतदान होगा। मतों की गिनती तीन दिसंबर को होगी।
