Congress-AAP Alliance: कांग्रेस-आप गठबंधन पर भाजपा ने साधा निशाना, कहा- भ्रष्टाचारियों की केमिस्ट्री चलने वाली नहीं

Congress-AAP Alliance: भाजपा ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के दिल्ली में लोकसभा चुनाव गठबंधन में लड़ने के फैसले पर निशाना साधते हुए उन्हें भ्रष्टाचारियों का गठबंधन बताया है।

Congress-AAP Alliance: लोकसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच हुए गठबंधन और सीटों के तालमेल को घुटनाटेक राजनीति का पर्याय बताते हुए केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने दावा किया है कि अरविंद केजरीवाल 2012-2013 से ही सोनिया गांधी से जुड़े हुए हैं और हार का ठीकरा एक-दूसरे पर फोड़ने के लिए इन दोनों दलों ने गठबंधन किया है। लेकिन, आप-कांग्रेस के साथ आने के बावजूद भाजपा दिल्ली में लोकसभा की सभी 7 सीटों पर जीत हासिल करेगी। मीनाक्षी लेखी ने भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि दोनों ही दल यह जानते हैं कि हार तय है। दोनों ही दलों ने भ्रष्टाचार किया है, इसलिए हार का ठीकरा एक-दूसरे पर फोड़ने और भ्रष्टाचार के मामले में कार्रवाई से बचने के लिए आप और कांग्रेस ने गठबंधन किया है।

Meenakshi Lekhi

केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कांग्रेस-आप गठबंधन पर जमकर साधा निशाना

भ्रष्टाचारियों की केमिस्ट्री चलने वाली नहीं

मीनाक्षी लेखी ने भाजपा को दिल्ली में पिछले लोकसभा चुनाव में मिले मत का आंकड़ा सामने रखते हुए कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में दिल्ली में भाजपा को अकेले 57 प्रतिशत के लगभग वोट मिला था, जबकि कांग्रेस को 22.51 प्रतिशत और आम आदमी पार्टी को सिर्फ 18.11 प्रतिशत वोट ही मिला था। लेखी ने कहा कि जिन-जिन राज्यों में इन दोनों दलों ने गठबंधन किया है, उन-उन राज्यों का गणित भी भाजपा के पक्ष में ही है। वैसे भी राजनीति गणित नहीं है, ये केमिस्ट्री है। भ्रष्टाचारियों की अलग केमिस्ट्री है और सेवादारों की अलग केमिस्ट्री है। सेवादारों के सामने भ्रष्टाचारियों की केमिस्ट्री चलने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि दलों का गठबंधन दिलों का गठबंधन नहीं होता है।

End of Feed