BJP Candidates list For Telangana: तेलंगाना विधानसभा चुनाव 2023 के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की। इस सूची में 35 उम्मीदवारों के नाम हैं। भाजपा ने लाल बहादुर नगर से समा रंगा रेड्डी, मेडक से पंजा विजय कुमार, मुर्शीदाबाद से पूसा रेड्डी, सनथनगर से मैरी शशिधर रेड्डी और हुजूरनगर से सरिता रेड्डी को उम्मीदवार बनाया है।
तेलंगाना में 30 नवंबर को होगा मतदान।
चुनाव प्रचार में जुटे भाजपा के दिग्गज
भाजपा की पहली सूची में 52 उम्मीदवारों के नाम थे। पहली सूची में बंदी संजय कुमार सहित तीन सांसदों के नाम थे। तेलंगाना चुनाव को भाजपा काफी गंभीरता से ले रही है। पार्टी दिग्गज नेता उम्मीदवारों के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पीयूष गोयल, स्मृति ईरानी, साध्वी निरंजन ज्योति जैसे कई नेता राज्य का दौरा कर रहे हैं।भाजपा में शामिल हुए राठौड़ बापू राव
तेलंगाना में निर्वतमान विधानसभा में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के विधायक राठौड़ बापू राव और कांग्रेस नेता सी. कृष्ण रेड्डी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। कृष्ण रेड्डी और बोथ से विधायक बापू राव तथा येल्लारेड्डी निर्वाचन क्षेत्र से कुछ नेता बुधवार को दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा की उपस्थिति में पार्टी में शामिल हुए।
बीआरएस ने टिकट देने से इंकार किया
बापू राव को सत्तारूढ़ बीआरएस ने 30 नवंबर को होने वाला विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए टिकट देने से इनकार कर दिया था जबकि कृष्णा रेड्डी मुनुगोडे विधानसभा सीट से कांग्रेस का टिकट चाहते थे। कांग्रेस ने पूर्व विधायक कोमाटिरेड्डी राज गोपाल रेड्डी को मुनुगोडे से अपना उम्मीदवार घोषित किया है। राज गोपाल रेड्डी हाल में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में चले गए थे। उनके इस्तीफे के कारण पिछले साल मुनुगोडे में उपचुनाव हुआ था।
