Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव के दोनों चरणों का मतदान पूरा होने के बाद राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म हो गया है, खास तौर पर एक्जिट पोल्स आने के बाद। बुधवार को सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने ही सरकार बनाने का दावा किया। हर पार्टी ने अधिक मतदान को अपने पक्ष में बताया और जनता के फैसले को अपने समर्थन में बताया। अब सबकी निगाहें 14 नवंबर पर टिकी हैं, जब मतगणना के बाद यह तय होगा कि बिहार में एक बार फिर NDA की सरकार बनेगी या फिर महागठबंधन सत्ता में आएगा।
दोनों गठबंधनों के सरकार बनाने के दावे (Images Credit: PTI)
NDA का दावा- जनता ने विकास पर लगाई मुहर
जदयू और भाजपा नेताओं ने कहा है कि बिहार की जनता ने नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास और सुशासन के लिए वोट दिया है। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा, NDA के पांचो दल पांच पांडव की तरह एकजुट हैं और विकसित बिहार के निर्माण के लिए संकल्पित हैं। महाठगबंधन ने पहले ढपोरशंखी घोषणाओं के जरिए जनता को बरगलाने की हर मुमकिन कोशिश की, लेकिन जब दाल नहीं गली, तो हताश होकर NDA के बारे में झूठ फैलाना शुरू कर दिया है! बिहार की जागरूक जनता सब देख रही है। 14 नवंबर को फिर साबित होगा- झूठे का मुंह काला, सच्चे का बोलबाला।
भाजपा नेता और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि मतदान का रुझान इस बात का संकेत है कि जनता ने एक ईमानदार और स्वच्छ छवि वाली सरकार को चुना है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली डबल इंजन की सरकार ने विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली डबल इंजन की सरकार ने विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं।
वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने दावा किया कि जनता ने मन बना लिया है कि बिहार में फिर NDA की सरकार बने। सरकार के काम को देखकर जनता ने एक बार फिर सेवा का अवसर देने का निर्णय लिया है।
महागठबंधन का दावा- बिहार ने बदलाव के लिए वोट दिया
विपक्षी महागठबंधन ने भी पूर्ण बहुमत का दावा किया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडेय ने कहा कि बढ़े हुए मतदान प्रतिशत से यह साफ है कि बिहार की जनता ने बदलाव के लिए वोट दिया है। तेजस्वी यादव के नेतृत्व में नई सरकार बनेगी और हम अपने सभी वादे पूरे करेंगे। VIP प्रमुख मुकेश सहनी ने भी कहा कि हर हाल में महागठबंधन की सरकार बन रही है और तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री होंगे।
माले के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि बिहार में बदलाव की लहर है, NDA की विदाई तय है। महागठबंधन की सरकार आने वाली है।
वहीं जनसुराज के प्रदेश महासचिव किशोर कुमार मुन्ना ने अलग रुख अपनाते हुए कहा कि बिहार की जनता ने बदलाव के लिए वोट किया है, लेकिन यह बदलाव महागठबंधन के पक्ष में नहीं है। परिणाम आने पर सब चौंक जाएंगे।
तेजस्वी यादव का दावा नया अध्याय शुरू होगा
राजद नेता और नेता विपक्ष तेजस्वी यादव ने बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि बिहार की जनता ने बदलाव के लिए वोट दिया है। 14 नवंबर को इसका परिणाम सामने आएगा और 18 नवंबर को नौकरी वाली सरकार बनेगी, जो कलम राज स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि हमारे पास जो फीडबैक आया है, वह बताता है कि राज्य में 95 प्रतिशत से भी अधिक इलाकों में इंडिया महागठबंधन के पक्ष में माहौल है। लोगों ने मौजूदा सरकार के खिलाफ जाकर वोट किया है और इस बार बिहार में नया अध्याय शुरू होगा।
निर्णायक दिन का इंतजार
दोनों चरणों के मतदान के बाद बिहार में सियासी हलचल तेज हो गई है। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही अपनी-अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हैं। लेकिन अंतिम फैसला अब जनता के वोटों से ही होगा, जिसकी गिनती 14 नवंबर को होगी। तभी तय होगा कि बिहार की सत्ता पर एनडीए कायम रहेगा या महागठबंधन को मौका मिलेगा।
