Priyanka Gandhi Datia Rally: मध्य प्रदेश में विधानसभा की 230 सीटों के लिए चुनाव प्रचार का शोर बुधवार को थम गया। एक चरण में शुक्रवार को इन सभी सीटों पर मतदान होगा। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मतदाओं को रिझाने के लिए सभी दलों ने अपनी ताकत झोंक दी और अपने विरोधियों पर जमकर हमले किए। इसी क्रम में कांग्रेस उम्मीदवार का समर्थन करने दतिया पहुंचीं कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तंज कसा। उन्होंने कहा कि 'प्रधानमंत्री रोते ही रहते हैं, इसलिए अभिनेता सलमान खान की फिल्म तेरे नाम की तरह उनके नाम पर भी मेरे नाम फिल्म बननी चाहिए।'
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023।
रैली में लोगों को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा कि फिल्म 'तेरे नाम' में अभिनेता सलमान खान जिस तरह से रोते हैं उसी तरह से पीएम भी बार-बार रोते रहते हैं। उन्होंने कहा, 'मोदी जी के बारे में क्या कहा जाए...वह रोते ही रहते हैं। 'तेरे नाम' फिल्म में सलमान खान शुरू से अंत तक रोते रहे। इसी तरह मोदी जी भी हर समय रोते रहते हैं। उनके नाम पर भी 'मेरे नाम' फिल्म बनाई जानी चाहिए।'
सिंधिया को 'गद्दार' करार दिया
इससे पहले प्रियंका ने केंद्रीय मंत्री और अपनी पार्टी के पूर्व सहयोगी ज्योतिरादित्य सिंधिया पर हमला बोलते हुए उन्हें ‘गद्दार’ करार दिया। प्रियंका ने कहा,‘क्या आप सिंधिया जी को जानते हैं? हमने उत्तर प्रदेश में एक साथ काम किया... हम यूपी के लोग अपनी शिकायत या गुस्सा व्यक्त कर देते हैं... हम सब कुछ बाहर निकाल देते हैं... हमें महाराज बोलने की आदत नहीं है।’ उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘क्या है कि वो कद में थोड़े छोटे पड़ गए लेकिन अहंकार में तो भई , वाह भई वाह !’ उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता उनसे कहते थे कि उन्हें अपना काम कराने के लिए सिंधिया को महाराज बोलना पड़ता है और यह उनकी (कार्यकर्ताओं की) आदत नहीं है।
'सिंधिया ने परिवार की परंपरा अच्छे से निभाई'
प्रियंका ने सिंधिया पर कटाक्ष करते हुए कहा,‘उन्होंने अपने परिवार की परंपरा अच्छे से निभाई है। विश्वासघात तो बहुतों ने किया है लेकिन इन्होंने ग्वालियर और चंबल की जनता के साथ विश्वासघात किया है। आपकी पीठ में छुरा घोंपा है। बनी बनाई सरकार को गिरा दिया और वो बनी बनाई सरकार आपकी थी, आपने वोट दिया था उसके लिए।’ उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासित छत्तीसगढ़ में रोजगार की स्थिति देश में सबसे अच्छी है, जबकि मप्र में यह खराब है।
