AAP Candidate List Haryana: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। कांग्रेस के साथ गठबंधन की बातचीत के बीच आप ने 20 नामों की घोषणा की है। जिसमें आप ने अनुराग ढांढा कलायत से, विकास नेहरा महम से, बिजेंद्र हुडा रोहतक से चुनावी मैदान में उतारा है।
हरियाणा चुनाव के लिए आप ने जारी की उम्मीदवारों की पहली लिस्ट
ये भी पढ़ें- Congress List Haryana: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी की दूसरी लिस्ट, इन 9 नेताओं को मिला टिकट
आप ने गठबंधन पर क्या कहा
आप हरियाणा के अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने कहा- "हमने पहली सूची जारी कर दी है और जल्द ही आपको दूसरी सूची भी मिल जाएगी। अब चुनाव के लिए बहुत कम समय बचा है। हमने ईमानदारी से (गठबंधन के लिए) इंतजार किया क्योंकि हर विधानसभा में संगठन मजबूत है और वह मजबूत संगठन चाहता था कि हम चुनाव लड़ें। हमने अपना धैर्य दिखाया और उसके बाद हमने अपनी सूची जारी की।"
कांग्रेस के खिलाफ 11 उम्मीदवार
दिलचस्प बात यह है कि आप के 20 में से 11 उम्मीदवार ऐसे हैं, जहां पहले से ही कांग्रेस अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है, इसका मतलब है कि केजरीवाल की पार्टी ने 11 निर्वाचन क्षेत्रों में कांग्रेस के खिलाफ अपने उम्मीदवार उतारे हैं । ये 11 सीटें हैं-
- उचाना कलां
- महम
- बादशाहपुर
- नारायणगढ़
- समालखा
- डबवाली
- रोहतक
- बहादुरगढ़
- बादली
- बेरी
- महेंद्रगढ़
कांग्रेस के साथ चल रही थी गठबंधन की बात
हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की बातचीत चल रही थी। रिपोर्ट्स के अनुसार आप 10 सीट मांग रही थी, जबकि कांग्रेस ज्यादा से ज्यादा पांच सीट देने के लिए तैयार थी। इधर गठबंधन पर बात हो रही थी, उधर कांग्रेस अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर रही थी। जिसके बाद अब आप ने भी उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है।
