इंडो-नेपाल बॉर्डर पर विद्यालयों को अपग्रेड करेगी योगी सरकार, 8.5 करोड़ रुपए होंगे खर्च

  • Authored by: कुलदीप राघव
  • Updated Oct 17, 2023, 02:56 PM IST

Yogi govt to upgrade schools on the Indo-Nepal border: योगी सरकार इंडो-नेपाल बॉर्डर के मुख्य मार्गों पर स्थित विद्यालयों को भी अपग्रेड करेगी। ऐसे कुल 16 विद्यालयों को अपग्रेड किए जाने के प्रस्ताव को सीएम योगी ने दी है मंजूरी।

Yogi govt to upgrade schools on the Indo-Nepal border: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार अंतर्राज्यीय और अंतर्राष्ट्रीय मार्गों एवं बहुउद्देशीय हब के करीब अवस्थित विद्यालयों को अपग्रेड करने की योजना पर कार्य कर रही है। इसके अंतर्गत बहुउद्देशीय हब के करीब स्थित विद्यालयों के साथ ही इंडो-नेपाल बॉर्डर के मुख्य मार्गों पर स्थित विद्यालयों को भी अपग्रेड किया जाएगा। इस तरह के कुल 16 विद्यालयों को अपग्रेड किए जाने का प्रस्ताव है, जिसे सीएम योगी की मंजूरी मिल गई है। उल्लेखनीय है कि सीएम योगी ने बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में विभाग के कई प्रस्तावों के लिए तैयार की गई कार्ययोजना को देखने के बाद अपनी सहमति दी है। इस प्रस्ताव को अमलीजामा पहनाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से करीब 8.5 करोड़ रुपए के बजट का प्रस्ताव है। इसी बैठक में सीएम योगी ने 57 जनपदों में अत्याधुनिक सुविधायुक्त मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय की शुरुआत करने के निर्देश दिए थे।

CM Yogi Adityanath

CM Yogi Adityanath

छात्रों को मिलेंगी स्मार्ट फैसिलिटीज

बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा मुख्यमंत्री के समक्ष रखे गए इस प्रस्ताव के तहत अंतर्राज्यीय मार्ग पर कुल 9 विद्यालयों को अपग्रेड किए जाने की योजना है। इस पर 3.71 करोड़ रुपए के खर्च की संभावना जताई गई है। इसी तरह अंतर्राष्ट्रीय मार्ग (इंडो-नेपाल बॉर्डर) पर स्थित 7 विद्यालयों को भी अपग्रेड किए जाने का प्रस्ताव है। इस पर सरकार 4.73 करोड़ रुपए खर्च करेगी। इन विद्यालयों को इस तरह अपग्रेड किया जाएगा, जिसमें छात्रों को स्मार्ट तरीके से शैक्षिक सामग्री प्राप्त हो सके। इन विद्यालयों में लैंग्वेज लैब के साथ कंप्यूटर लैब, स्मार्ट क्लास, मॉड्यूलर साइंस लैब, रोबोटिक्स एवं मशीन लर्निंग लैब्स, वाईफाई इनेबल्ड कैंपस जैसी सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। इसके अलावा 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था के लिए सुरक्षा कर्मी एवं सफाई कर्मी तैनात किया जाएगा। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग के आवर्तक बजट से इसकी व्यवस्था की जाएगी।

End of Feed