उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग में गन्ना पर्यवेक्षक (Cane Supervisor/Ganna Paryavekshak) के 1182 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। भर्ती अभियान के तहत कुल 1182 पदों में 1000 पद सामान्य चयन और 182 पद विशेष चयन के लिए निर्धारित किए गए हैं। इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से निर्धारित तिथि तक आवेदन कर सकते हैं।
शुरू हुई आवेदन की प्रक्रिया
आवेदन प्रक्रिया 7 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है। अभ्यर्थी 28 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन और शुल्क जमा कर सकते हैं। वहीं आवेदन पत्र में संशोधन या शुल्क समायोजन की अंतिम तिथि 4 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे कृषि स्नातकों के लिए यह एक सुनहरा अवसर माना जा रहा है।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती में वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने PET-2025 परीक्षा में भाग लिया हो और उनका वैध स्कोर कार्ड उपलब्ध हो। इसके अलावा उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कृषि विज्ञान में स्नातक की डिग्री तथा CCC (DOEACC/NIELIT) कंप्यूटर प्रमाणपत्र होना अनिवार्य है। जिन अभ्यर्थियों का PET-2025 का नॉर्मलाइज्ड स्कोर शून्य या उससे कम है, उन्हें मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट नहीं किया जाएगा।
कैसे होगा चयन?
उम्मीदवारों का चयन PET-2025 स्कोर के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग और उसके बाद आयोजित होने वाली मुख्य लिखित परीक्षा के जरिए किया जाएगा। मुख्य परीक्षा की तिथि बाद में आयोग द्वारा घोषित की जाएगी। सफल अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के बाद अंतिम नियुक्ति दी जाएगी।
आयु सीमा और आवेदन शुल्क
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों को उत्तर प्रदेश सरकार के नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुल्क 25 रुपये निर्धारित किया गया है।
