UPSC JEE NEET UG Exam 2025: यूपीएससी सिविल सर्विस, इंजीनियरिंग कॉलेज में एडमिशन के लिए होने वाली JEE Exam और मेडिकल कॉलेज में एडमिशन के लिए NEET UG की डिटेल्स यहां देख सकते हैं। प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को एग्जाम डेट और टाइम को लेकर काफी कंफ्यूजन रहता है। अगले साल कौन सी परीक्षा कब होगी ये यहां जान सकते हैं।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की तरफ से हर साल नीट और जेईई जैसी परीक्षाएं आयोजित की जाती हैं। वहीं, यूपीएससी की तरफ सिविल सर्विस की परीक्षाएं आयोजित होती हैं। अगले साल के लिए कुछ एग्जाम के टेंटेटिव कैलेंडर जारी हो चुके हैं।
UPSC CSE 2025: कब होगी यूपीएससी परीक्षा?
यूपीएससी की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, सिविल सर्विस परीक्षा 2025 के लिए नोटिफिकेशन 22 जनवरी 2025 को जारी होगा। इसी दिन से आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया 11 फरवरी 2025 तक चलेगी। इस वैकेंसी के लिए प्रीलिम्स परीक्षा 25 मई 2025 को आयोजित की जाएगी। वहीं, मेन्स परीक्षा 22 अगस्त 2025 को आयोजित होगी।
JEE Main 2025: जेईई मेन परीक्षा कब होगी?
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की तरफ से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार अगले साल होने वाली JEE परीक्षा के लिए जनवरी माह में 22 जनवरी से 31 जनवरी तक की तारीख निर्धारित हुई है। हालांकि, ये टेंटेटिव डेट है जिससे आगे पीछे भी परीक्षा आयोजित हो सकती है। बता दें कि जेईई मेन परीक्षा के लिए 20 लाख से ज्यादा छात्र आवेदन करते हैं। वहीं, पिछले साल ये परीक्षा दो सेशन में आयोजित हुई थी।
NEET UG 2025: कब होगी नीट परीक्षा?
टॉप मेडिकल कॉलेज में MBBS और BDS कोर्स में दाखिले के लिए नीट यूजी परीक्षा हर साल आयोजित होती है। अगले साल नीट यूजी परीक्षा मई महीने में होगी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 4 मई 2025 को नीट यूजी परीक्षा आयोजित हो सकती है। बता दें कि इस साल नीट एग्जाम को लेकर काफी विवाद देखा गया है। ऐसे में अगले साल होने वाली परीक्षा पर ज्यादा नजर रहेगी।
