एजुकेशन

UP Police Result 2026: पिता टेलर और बेटा बना यूपी पुलिस कांस्टेबल, पहली रैंक लाकर रच दिया इतिहास

सीमित संसाधन में दर्जी के बेटे ने यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती में प्रदेश में पहली रैंक हासिल की है। दोघट निवासी लोकेंद्र कपड़ों की सिलाई करते हैं। उनके बेटे सारंग ने आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की भर्ती 2025 में 300 में से 276 अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है।

Image

यूपी पुलिस कांस्टेबल टॉपर सारंग

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 का अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिया है। इस भर्ती के तहत विभिन्न पदों पर कुल 32,679 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों की सूची बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट [uppbpb.gov.in](https://uppbpb.gov.in/) पर उपलब्ध है। भर्ती के लिए कुल 28,86,797 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था।

इस भर्ती में आरक्षी नागरिक पुलिस के 10,469, आरक्षी पीएसी/सशस्त्र पुलिस के 15,131, आरक्षी विशेष सुरक्षा बल के 1,341, महिला बटालियन के लिए महिला आरक्षी के 2,282, आरक्षी घुड़सवार पुलिस के 71, जेल वार्डर (पुरुष) के 3,279 और जेल वार्डर (महिला) के 106 पद शामिल हैं। कुल चयनित अभ्यर्थियों में 4,481 महिलाएं भी शामिल हैं।

दर्जी के बेटे को मिली पहली रैंक

सीमित संसाधन में दर्जी के बेटे ने यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती में प्रदेश में पहली रैंक हासिल की है। बागपत के दोघट निवासी लोकेंद्र कपड़ों की सिलाई करते हैं। उनके बेटे सारंग ने आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की भर्ती 2025 में 300 में से 276 अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। सारंग ने आनलाइन पढ़ाई कर परीक्षा की तैयारी की और वह अपनी पढ़ाई के खर्च के लिए बच्चों को भी ट्यूशन पढ़ाते रहे। पुलिस भर्ती की तैयारी के लिए उसने नियमित 12 घंटे पढ़ाई की। सारंग ने यूपी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में 81.5 प्रतिशत और 12वीं में 78 प्रतिशत अंक हासिल किए थे, वह बचपन से ही होनहार है।

यूपी पुलिस रिजल्ट

यूपी पुलिस रिजल्ट

75 जिलों में हुई लिखित परीक्षा

भर्ती बोर्ड ने 8, 9 और 10 जून 2026 को प्रदेश के सभी 75 जनपदों में छह पालियों में लिखित परीक्षा आयोजित की थी। लिखित परीक्षा के प्राप्तांकों के आधार पर 76,184 अभ्यर्थियों को डॉक्युमेंट्स की जांच एवं शारीरिक मानक परीक्षा (डीवी/पीएसटी) के लिए चयनित किया गया। यह प्रक्रिया 17 से 31 अगस्त तक चली। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) 1 से 11 अक्टूबर तक आयोजित की गई।

मेरिट और वरीयता के आधार पर अंतिम चयन

अंतिम परिणाम लिखित परीक्षा के नॉर्मलाइज्ड स्कोर की रैंकिंग और अभ्यर्थियों की ओर से आवेदन पत्र में दी गई पदों की वरीयता के आधार पर तैयार किया गया। चयन में उत्तर प्रदेश शासन की ओर से समय-समय पर जारी आरक्षण नीति के प्रासंगिक प्रावधानों का पालन किया गया।

भर्ती बोर्ड के अनुसार, लिखित परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के नॉर्मलाइज्ड स्कोर नवंबर के तीसरे सप्ताह में वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। स्कोर देखने की प्रक्रिया के संबंध में अलग से सूचना प्रकाशित की जाएगी। बोर्ड ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए भर्ती परीक्षा के संचालन में सहयोग करने वाले सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Kuldeep Raghav
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article