UP Police Constable Final Result 2026: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने कांस्टेबल सीधी भर्ती-2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 32,679 पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया गया है। अभ्यर्थी अपना रिजल्ट, चयन सूची और श्रेणीवार कटऑफ बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर चेक कर सकते हैं। इस भर्ती के लिए बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कुल 28,86,797 अभ्यर्थियों ने इस भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया। लिखित परीक्षा का आयोजन 8, 9 और 10 जून 2026 को किया गया था। इसके बाद चयन प्रक्रिया के अगले चरण पूरे किए गए और अब बोर्ड ने अंतिम चयन सूची जारी कर दी है। चयनित उम्मीदवारों की सूची में नागरिक पुलिस, पीएसी, विशेष सुरक्षा बल और जेल वार्डर सहित विभिन्न पद शामिल हैं।
इन पदों पर हुआ है चयन
भर्ती अभियान के तहत नागरिक पुलिस के अलावा पीएसी और सशस्त्र पुलिस, यूपी स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स, महिला बटालियन में महिला कांस्टेबल, माउंटेड पुलिस और जेल वार्डर के पद शामिल हैं। बोर्ड के अनुसार, अंतिम चयन उम्मीदवारों के सामान्यीकृत लिखित परीक्षा अंकों, मेरिट और आवेदन में दिए गए विकल्पों के आधार पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया गया है।
किस वर्ग के कितने उम्मीदवार
जारी आंकड़ों के मुताबिक सामान्य वर्ग के 6,685 अभ्यर्थी, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) से 18,210, अनुसूचित जाति (SC) से 7,136 और अनुसूचित जनजाति (ST) से 648 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। वहीं चयनित उम्मीदवारों में 4,481 महिलाएं भी शामिल हैं।
किस वर्ग की कितनी रही कटऑफ?
यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए नागरिक पुलिस के पुरुष और महिला अभ्यर्थियों की संयुक्त श्रेणीवार कटऑफ इस प्रकार जारी की गई है:
अनारक्षित वर्ग: 266.57849 अंक
ईडब्ल्यूएस: 257.12296 अंक
ओबीसी: 263.70370 अंक
एससी: 252.81045 अंक
एसटी: 238.28209 अंक
इन अंकों से स्पष्ट है कि इस भर्ती में अनारक्षित वर्ग की कटऑफ सबसे अधिक रही। वहीं, ओबीसी वर्ग की कटऑफ ईडब्ल्यूएस से अधिक दर्ज की गई। ध्यान रहे कि अलग-अलग पदों और श्रेणियों के लिए कटऑफ अलग हो सकती है। इसलिए उम्मीदवारों को अपनी संबंधित पोस्ट की आधिकारिक कटऑफ पीडीएफ भी देखनी चाहिए।
