UP Board 12 Result 2023: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने आज कक्षा 10वीं और 12वीं के लिए यूपी बोर्ड परिणाम 2023 (UP Board Result 2023) की घोषणा कर दी। यूपी बोर्ड (UP Board Result) के निदेशक डॉ महेन्द्र देव और यूपी बोर्ड के सचिव दिब्य कांत शुक्ल ने रिजल्ट घोषित किया। 12वीं में कुल 75.52 फीसदी छात्र पास हुए। यूपी बोर्ड (UP Board 12 Result) की 12वीं की परीक्षा में शुभ छापरा (Shubh Chapra) ने टॉप किया है। इंटरमीडिएट में छात्रों के उत्तीर्ण का प्रतिशत 69.34 और छात्राओं के उत्तीर्ण का प्रतिशत 83.00 फीसदी रहा।
यूपीएमएसपी (UPMSP) के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने परिणाम की घोषणा करते हुए कहा कि इस बार पिछले 100 सालों में सबसे तेज परिणाम घोषित किया गया है। वहीं आज घोषित हुए यूपी बोर्ड के रिजल्ट (UP Board Result 2023) पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परिणाम आए हैं, हमारे युवाओं ने लंबी छलांग लगाने का काम किया है। इसमें प्रदेश की बालिकाओं ने और अच्छी छलांग लगाई है। साथ ही कहा कि 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में राज्य स्तर पर शीर्ष 10 स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को राज्य स्तर पर तथा जनपद स्तर पर शीर्ष 10 स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को जनपद स्तर पर राज्य सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
इस साल यूपी बोर्ड का कोई पेपर नहीं हुआ लीक
इस साल 16 फरवरी से 4 मार्च के बीच कुल 8753 केन्द्रों पर परीक्षाएं हुई थीं। साथ ही इस बार यूपी बोर्ड का कोई पेपर लीक नहीं हुआ और ना ही कोई पेपर कैंसिल हुआ। कॉपी पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से 31 मार्च के बीच पूरा हुआ। इसके लिए 258 मूल्यांकन केन्द्र बनाए थे, जहां 89,698 परीक्षकों ने इस काम को पूरा किया।
पिछले साल की तुलना में इस साल कम रहा पासिंग परसेंटेज
इस साल 10वीं और 12वीं की परीक्षा के लिए कुल 58,85,745 परीक्षार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 31,16,487 छात्र 10वीं और 27,69,258 छात्र 12वीं के थे। 10वीं के 2,08,953 छात्र और 12वीं के 2,22,618 छात्र समेत कुल 4,31,571 छात्र परीक्षा के लिए उपस्थित नहीं हुए। परीक्षा के प्रश्नपत्रों के मूल्यांकन की प्रक्रिया 18 मार्च को शुरू हुई और 1 अप्रैल को समाप्त हो गई थी। पिछले साल यूपी बोर्ड के 12वीं के रिजल्ट में लड़कियों का पास प्रतिशत 90.01 प्रतिशत और लड़कों के लिए पास प्रतिशत 81.21 फीसदी रहा था।
