UP Assistant Teacher Recruitment Exam 2025: उत्तर प्रदेश में बेसिक शिक्षा विभाग के सहायक अध्यापक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने सहायक अध्यापक (प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी) भर्ती परीक्षा 2025 के लिए परीक्षा संरचना और विस्तृत पाठ्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार भर्ती परीक्षा कुल 150 अंकों की होगी और इसमें सभी प्रश्न बहुविकल्पीय (MCQ) होंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा तथा परीक्षा की अवधि दो घंटे निर्धारित की गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक मुख्य परीक्षा 11 जुलाई को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी। सामाजिक विज्ञान और संगीत विषय की परीक्षाएं अलग-अलग केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से रिक्त पदों की अंतिम संख्या अभी तक आयोग के पोर्टल पर अपलोड नहीं की गई है। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें और नए परीक्षा पैटर्न के अनुसार अपनी तैयारी को अंतिम रूप दें।
सबसे ज्यादा 40 अंक भाषा के
आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में विभिन्न विषयों से निर्धारित अंकों के अनुसार प्रश्न पूछे जाएंगे। सबसे अधिक 40 अंक भाषा विषय से होंगे। इसमें हिंदी, संस्कृत और अंग्रेजी के व्याकरण के साथ-साथ गद्यांश और पद्यांश से संबंधित प्रश्न शामिल किए जाएंगे। वहीं गणित विषय से 20 अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे। पर्यावरण एवं सामाजिक अध्ययन, शिक्षण कौशल तथा बाल मनोविज्ञान से 10-10 अंक के प्रश्न होंगे।
सामान्य ज्ञान के 30 प्रश्न
सामान्य ज्ञान और समसामयिक घटनाओं से 30 अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे। अभ्यर्थियों की तार्किक क्षमता और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) से जुड़े ज्ञान की जांच के लिए 5-5 अंक के प्रश्न भी शामिल किए गए हैं। जीवन कौशल, प्रबंधन एवं अभिवृत्ति से संबंधित प्रश्नों के लिए भी 10 अंक निर्धारित किए गए हैं।
आयोग के अनुसार परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और अन्य अधिकारियों की तैनाती रहेगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
