नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) जल्द ही UGC NET जून 2026 परीक्षा की प्रोविजनल आंसर की जारी कर सकती है। आंसर की जारी होने के बाद उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाकर अपने विषय की आंसर की (Answer Key) डाउनलोड कर सकेंगे और अपने जवाबों का मिलान कर पाएंगे। आंसर की जारी होने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि उम्मीदवार रिजल्ट आने से पहले अपने संभावित अंकों का अनुमान लगा सकते हैं। यदि किसी प्रश्न या उत्तर को लेकर आपत्ति होती है, तो निर्धारित शुल्क जमा करके प्रोविजनल आंसर की को चुनौती (Challenge) भी दी जा सकेगी।
UGC NET जून 2026 परीक्षा का आयोजन 22, 23, 24, 25, 29 और 30 जून को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। वहीं, जालंधर के एक परीक्षा केंद्र पर तकनीकी कारणों से प्रभावित उम्मीदवारों के लिए दोबारा परीक्षा 5 जुलाई 2026 को आयोजित की गई।
इस बार परीक्षा 87 विषयों के लिए आयोजित हुई थी। इसलिए NTA सभी विषयों की अलग-अलग प्रोविजनल आंसर की जारी करेगा, ताकि उम्मीदवार अपने विषय के अनुसार उत्तरों का मिलान कर सकें।
इस बार क्यों हो रही है देरी?
आमतौर पर NTA परीक्षा समाप्त होने के छह से सात दिनों के भीतर प्रोविजनल आंसर की जारी कर देता है। हालांकि, इस बार 5 जुलाई को आयोजित री-एग्जाम के कारण पूरी प्रक्रिया में थोड़ा समय लग रहा है। फिलहाल NTA ने आंसर की जारी होने की कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है और न ही देरी का कारण बताया है। ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाले अपडेट पर ही भरोसा करें।
UGC NET किसके लिए आयोजित की जाती है?
UGC NET परीक्षा साल में दो बार-जून और दिसंबर-आयोजित की जाती है। इस परीक्षा के जरिए उम्मीदवारों की पात्रता असिस्टेंट प्रोफेसर, जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) और पीएचडी एडमिशन के लिए तय की जाती है। देशभर के लाखों अभ्यर्थी हर साल इस परीक्षा में शामिल होते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: "रैंक का सपना नहीं देखा, सिर्फ मेहनत": कोटा के कृतिक जैन ने Re-NEET में हासिल किया AIR 18
ऐसे डाउनलोड करें UGC NET June 2026 Answer Key
आंसर की जारी होने के बाद उम्मीदवार नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करके इसे डाउनलोड कर सकते हैं।
- सबसे पहले UGC NET की आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाएं।
- होमपेज पर दिए गए "UGC NET June 2026 Answer Key" लिंक पर क्लिक करें।
- अपने विषय की आंसर की PDF खोलें।
- फाइल डाउनलोड करें और अपने उत्तरों का आधिकारिक आंसर की से मिलान करें।
अगर उत्तर पर आपत्ति हो तो क्या करें?
यदि किसी उम्मीदवार को किसी प्रश्न या उत्तर पर आपत्ति है, तो वह निर्धारित समय सीमा में ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कर सकता है। इसके लिए प्रति प्रश्न तय शुल्क का भुगतान करना होगा। सभी आपत्तियों की समीक्षा विषय विशेषज्ञों की समिति करेगी और उसके बाद अंतिम आंसर की जारी की जाएगी। इसी फाइनल आंसर की के आधार पर UGC NET जून 2026 का रिजल्ट तैयार किया जाएगा।
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आंसर की, आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया और रिजल्ट से जुड़े सभी अपडेट के लिए नियमित रूप से NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: AI तो सुना लेकिन क्वांटम AI क्या है, कैसे बन रहा फ्यूचर का गेमचेंजर, 10 साल बाद चमकाएगा करियर
