Tamil Nadu Board Exam Time Table 2027: तमिलनाडु बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर है। तमिलनाडु के सरकारी परीक्षा निदेशालय (DGE) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बोर्ड परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है। इसमें कक्षा 10वीं की एसएसएलसी परीक्षा, कक्षा 12वीं की सार्वजनिक परीक्षा और कक्षा 11वीं के पुराने पाठ्यक्रम के तहत बकाया परीक्षा यानी एरियर एग्जाम की तारीखें शामिल हैं। विद्यार्थी विषयवार परीक्षा कार्यक्रम आधिकारिक वेबसाइट dge.tn.gov.in पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं।
तमिलनाडु बोर्ड डेट शीट 2027
डेट शीट डाउनलोड करने के लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट dge.tn.gov.in पर जाएं। होमपेज पर एसएसएलसी या हायर सेकेंडरी परीक्षा से संबंधित लिंक खोलें। इसके बाद कक्षा 10वीं, कक्षा 12वीं या कक्षा 11वीं एरियर परीक्षा की डेटशीट चुनें। पीडीएफ डाउनलोड करके अपने पास सुरक्षित रख लें। विद्यार्थियों को सलाह है कि परीक्षा की तारीख, विषय और निर्देशों की जांच करने के बाद अपनी तैयारी की समय-सारणी बनाएं और किसी भी बदलाव के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नजर रखें।
10वीं की परीक्षा 17 मार्च से
कक्षा 10वीं यानी एसएसएलसी की सार्वजनिक परीक्षाएं 17 मार्च 2027 से शुरू होकर 12 अप्रैल 2027 तक चलेंगी। वहीं, प्रैक्टिकल परीक्षाएं 19 फरवरी से 26 फरवरी 2027 के बीच आयोजित की जाएंगी। परीक्षा कार्यक्रम में तमिल और अन्य भाषा विषयों के बाद अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान जैसे विषयों की परीक्षाएं निर्धारित की गई हैं।
3 मार्च से शुरू होगी 12वीं की परीक्षा
जारी शेड्यूल के अनुसार, कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 3 मार्च 2027 से शुरू होंगी और 29 मार्च 2027 तक चलेंगी। इससे पहले प्रैक्टिकल परीक्षाएं 8 फरवरी से 18 फरवरी 2027 के बीच आयोजित की जाएंगी।
कक्षा 11वीं के एरियर एग्जाम का शेड्यूल भी जारी
तमिलनाडु बोर्ड ने कक्षा 11वीं के उन विद्यार्थियों के लिए भी परीक्षा कार्यक्रम जारी किया है, जिन्हें पुराने पाठ्यक्रम के तहत एरियर परीक्षा देनी है। ये परीक्षाएं 5 मार्च से 1 अप्रैल 2027 तक आयोजित की जाएंगी। यह शेड्यूल नियमित कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों के बजाय पात्र एरियर अभ्यर्थियों के लिए है। इसलिए उम्मीदवार डेटशीट डाउनलोड करते समय यह सुनिश्चित करें कि वे सही परीक्षा कार्यक्रम देख रहे हैं।
