मध्य प्रदेश के ताल्लुक रखने वाली कलाकार शिखा शर्मा इन दिनों चर्चा में हैं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने नीमच के राजेंद्र प्रसाद स्टेडियम में 84000 स्क्वायर फीट में बनाई गई दुनिया की सबसे बड़ी रंगोली का वीडियो शेयर किया ीहै और इसे बनाने वाली वाली कलाकार शिखा शर्मा की प्रशंसा की है। इस रंगोली को शिखा शर्मा जोशी और उनकी टीम ने 100 घंटों की मेहनत से तैयार किया। टीम में 22 सदस्य शामिल थे, जिन्होंने दिन-रात मेहनत कर इसे साकार किया।
इसे बनाने में 26 टन रंग इस्तेमाल किया गया है। इस रंगोली में 100 से ज्यादा स्वतंत्रता सेनानियों, राजनेताओं और देवी-देवताओं के पोर्ट्रेट उकेरे गए हैं, वहीं मुख्यमंत्री मोहन यादव की तस्वीर भी इसमें शामिल है। नीमच में बनाई गई इस रंगोली को एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है।
कौन हैं शिखा शर्मा
शिखा शर्मा जोशी इंदौर से आती हैं। 2 जून 1996 को जन्मी शिखा ने अपने सफर की शुरुआत 25 दिसंबर 2014 को की थी। उनकी प्रेरणा उनकी दादी मां रहीं। उनके पिता लोकेश शर्मा व्यवसायी हैं और इंदौर में एक प्रसिद्ध साड़ी शोरूम के मालिक हैं। शिखा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सराफा विद्या निकेतन, इंदौर से प्राप्त की और महारानी लक्ष्मीबाई कॉलेज (DAVV, इंदौर) से स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। इससे पहले वह MBBS की पढ़ाई कर रही थीं, लेकिन कला के प्रति जुनून के कारण उन्होंने मेडिकल का फील्ड छोड़कर कला में एमए किया।
नाम दर्ज हैं कई रिकॉर्ड
बता दें कि शिखा के नाम 10 विश्व रिकॉर्ड दर्ज हैं। वह रंगोली, क्ले मॉडलिंग, स्केचिंग और पेंटिंग में अंतरराष्ट्रीय पहचान बना चुकी हैं। गांधीजी का पोर्ट्रेट, राम मंदिर की 3D रंगोली, और विराट कोहली व भारतीय क्रिकेट टीम की रंगोली बनाकर वह चर्चा में आ चुकी हैं। उनकी रंगोली की प्रशंसा क्रिकेटर विराट कोहली भी कर चुके हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 1.7 मिलियन फॉलोअर्स और यूट्यूब पर 14 मिलियन सब्सक्राइबर्स हैं। उन्हें यूट्यूब से सिल्वर, गोल्डन और हाल ही में डायमंड प्ले बटन भी मिला है।
