Success story of IAS Jyoti Kalash and IPS Amrit kalash: बिहार के छपरा में 17 दिसंबर 1963 को जन्मे ज्योति कलश और अमृत कलश का जीवन एक अद्भुत कहानी है। ये दोनों भाई हूबहू एक जैसे दिखते हैं और दोनों ने ही सिविल सेवा परीक्षा पास की है। इनके पिता डॉ. रवींद्र राजहंस को वर्ष 2009 में पद्मश्री से नवाजा जा चुका है। डॉ. रवींद्र राजहंस साहित्य और काव्य के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित नाम थे और उनके विचारों ने इन दोनों भाइयों को न सिर्फ प्रशासनिक क्षेत्र में, बल्कि कला के क्षेत्र में भी रुचि पैदा की। डॉ. रवीन्द्र राजहंस कई सालों तक पटना के दैनिक हिन्दुस्तान, नवभारत टाइम्स, दैनिक जागरण और पाटलीपुत्र टाइम्स में अपना व्यंग्य कॉलम लिखते रहे।
IAS ज्योति कलश
ज्योति कलश आईएएस अधिकारी हैं और नागालैंड के चीफ रेजिडेंट कमिश्नर रहे। वह न केवल एक बेहतरीन प्रशासनिक अधिकारी रहे, बल्कि एक शानदार कलाकार भी हैं। 1990 बैच के IAS अधिकारी ज्योति कलश ने बॉलीवुड और भोजपुरी सिनेमा में भी जलवा दिखाया है। उन्होंने पुलिसमीरी, द एक्सिडेंटल प्राइम मिनिस्टर, थलाइवी, अटैक ऑफ 26/11 जैसी फिल्मों में भी काम किया है। उन्होंने अभिनय के अलावा गायन और लेखन में भी योगदान दिया। उनके द्वारा गाए गए छठ के गीत और भजन श्री राम पधारे काफी लोकप्रिय हुए।
IPS अमृत कलश
अमृत कलश 1993 बैच के IPS अधिकारी हैं। अमृत कलश ने राजस्थान के विभिन्न जिलों में एसपी के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं। सिरोही, राजसमंद, उदयपुर और पाली जैसे जिलों में काम करते हुए उन्होंने कानून-व्यवस्था को मजबूत किया और अपनी शख्सियत से अपराधियों के बीच खौफ पैदा किया। उन्हें लोग 'सिंघम' के नाम से भी जानते हैं।
दोनों भाई बने प्रेरणा
ज्योति कलश और अमृत कलश युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। एक ने नागालैंड में प्रशासन की कमान संभाली, तो दूसरे ने राजस्थान में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया। सोशल मीडिया पर दोनों को हजारों युवा फॉलो करते हैं।
