RTE Gujarat Admission 2026: गुजरात में शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों को निजी स्कूलों में मुफ्त शिक्षा देने के उद्देश्य से इस बार 84,000 से अधिक सीटें उपलब्ध कराई हैं। RTE के तहत निजी स्कूलों में एंट्री लेवल कक्षाओं (मुख्यतः कक्षा 1) में 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित होती हैं। इन सीटों पर चयनित बच्चों को मुफ्त शिक्षा प्रदान की जाती है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य समाज के आर्थिक रूप से कमजोर और पिछड़े वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। इस वर्ष RTE एडमिशन के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 4 अप्रैल 2026 से शुरू होकर 17 अप्रैल 2026 तक चलेगा। यदि आवेदन की संख्या उपलब्ध सीटों से अधिक होती है, तो चयन कंप्यूटरीकृत लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा।
RTE Gujarat Admission: गुजरात आईटीई एडमिशन
आवेदन के लिए आवश्यक डॉक्यूमेंट्स
आवेदन प्रक्रिया के दौरान अभिभावकों को बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र और जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो) जैसे दस्तावेज अपलोड करने होंगे। आवेदन के बाद दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।
सीटों की संख्या में आई कमी
इस बार सीटों का वितरण विभिन्न माध्यमों में किया गया है। इनमें गुजराती, अंग्रेजी, हिंदी और अन्य माध्यम के स्कूल शामिल हैं। पिछले साल की तुलना में इस वर्ष सीटों की संख्या में कुछ कमी आई है, लेकिन फिर भी बड़ी संख्या में बच्चों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
आवेदन के लिए पात्रता
पात्रता की बात करें तो आवेदन करने वाला बच्चा राज्य का निवासी होना चाहिए और वह आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) या वंचित श्रेणी से संबंधित होना चाहिए। आय सीमा और आयु सीमा राज्य सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार तय की जाती है।
कैसे करना है आवेदन
अभिभावक निर्धारित समयसीमा के भीतर आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। यह प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है ताकि पारदर्शिता और सुविधा सुनिश्चित की जा सके।
