Rajasthan School Closed due to heavy Rain: राजस्थान में हुई मूसलाधार बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति हो गई। मौसम विभाग ने मंगलवार को राजस्थान के करीब 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं चेतावनी को देखते हुए प्रदेश के 11 जिलों में मंगलवार को स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। जयपुर में 29 जुलाई को भारी बारिश का अनुमान है, जबकि 30-31 जुलाई को हल्की बारिश और इसके बाद 01 और 02 अगस्त को जयपुर में भारी बारिश की संभावना है। इसी तरह 30-31 जुलाई को भरतपुर, जयपुर और अजमेर संभाग में भारी बारिश का अलर्ट है और बीकानेर संभाग में भारी बारिश होने की संभावना है।
राजस्थान के 11 जिलों में स्कूल बंद (Photo: AI)
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि राजस्थान में भारी बारिश के कारण भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, झालावाड़, कोटा, पाली और सिरोही समेत कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। नदियों के उफान पर होने के कारण चंबल, कालीसिंध और बनास नदी पर बने बांधों के गेट खोल दिए गए हैं। सिरोही में केराल नदी की पुलिया पर 35 बच्चों से भरी एक निजी स्कूल बस फंस गई। इस बीच, पुलिस ने बताया कि चित्तौड़गढ़ में नदी का पुल पार करते समय दो बाइक सवार बह गए।
कहां कहां बंद रहेंगे स्कूल
जलभराव और बाड़ जैसी स्थिति के बीच प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से स्कूल बंद रखने का फैसला किया है। बारिश को लेकर मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने 11 जिलों में मंगलवार (29 जुलाई) को स्कूलों की छुट्टी घोषित की है। इनमें झालावाड़, कोटा, चित्तौड़गढ़, टोंक, भीलवाड़ा, बारां, डूंगरपुर, धौलपुर, सलूंबर, बांसवाड़ा और अजमेर शामिल हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को राजस्थान के 3 जिलों में भारी बारिश का 'रेड अलर्ट' जारी किया है तो 5 जिलों में भारी बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट' है। वहीं राज्य के 19 जिलों में 'येलो अलर्ट' है।
