एजुकेशन

NEET UG 2027: पेन-पेपर मोड खत्म! नीट यूजी को CBT में बदलने की तैयारी में NTA

NEET UG 2027 : राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि वह केंद्र सरकार से चर्चा के बाद वर्ष 2027 से NEET UG परीक्षा को कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित करने के लिए तैयार है।

Image

NEET UG 2027

NEET UG 2027: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG में अगले साल से बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि वह केंद्र सरकार से चर्चा के बाद वर्ष 2027 से NEET UG परीक्षा को कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित करने के लिए तैयार है। यह जानकारी उस सुनवाई के दौरान सामने आई, जिसमें NEET परीक्षा से जुड़े विवादों और NTA की कार्यप्रणाली को लेकर दायर याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट विचार कर रहा है। याचिकाओं में NTA के पुनर्गठन या उसकी जगह अधिक पारदर्शी और स्वतंत्र परीक्षा प्रणाली विकसित करने की मांग की गई है।

सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे में NTA ने बताया कि विशेषज्ञों की एक उच्च स्तरीय समिति (HLCE) ने NEET UG को पारंपरिक पेन-एंड-पेपर मोड से हटाकर कंप्यूटर आधारित परीक्षा में बदलने की सिफारिश की है। समिति ने यह भी सुझाव दिया है कि भविष्य में परीक्षा को मल्टी-सेशन और मल्टी-फेज फॉर्मेट में आयोजित किया जा सकता है, जिससे परीक्षा प्रक्रिया और अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बन सके।

NEET UG 2027

NEET UG 2027

अगली बार से CBT मोड में परीक्षा

NTA ने कोर्ट को बताया कि उसकी अधिकांश बड़ी परीक्षाएं पहले से ही CBT मोड में आयोजित की जा रही हैं। केवल NEET UG 2026 ही ऐसी प्रमुख परीक्षा थी, जो पेन और पेपर मोड में आयोजित की गई थी। यह व्यवस्था स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) की मौजूदा योजना के अनुरूप थी।

गौरतलब है कि 3 मई 2026 को आयोजित NEET UG परीक्षा पेपर लीक के आरोपों के बाद विवादों में आ गई थी। बाद में NTA ने परीक्षा रद्द कर दी और 21 जून को दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया। इसी मामले को लेकर परीक्षा प्रणाली में सुधार और सुरक्षा बढ़ाने की मांग लगातार उठ रही है।

यदि सरकार और संबंधित मंत्रालय इस प्रस्ताव को मंजूरी देते हैं, तो NEET UG 2027 देश की पहली ऐसी मेडिकल प्रवेश परीक्षा होगी, जो पूरी तरह कंप्यूटर आधारित माध्यम से आयोजित की जाएगी। इससे परीक्षा केंद्रों पर प्रश्न पत्रों की छपाई, वितरण और सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।

भाषा इनपुट के साथ

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंह author

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई क... और देखें

End of Article