NTA CUET UG Registration Date 2023: एनटीए यानी राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी की ओर से सीयूईटी यूजी 2023 के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को फिर से शुरू करने का फैसला किया गया है। आवेदन पोर्टल रविवार, 9 अप्रैल को फिर से खोला जाएगा और 11 अप्रैल, 2023 रात 11.59 बजे तक खुला रहेगा। उम्मीदवार सीयूईटी यूजी की आधिकारिक साइट cuet.samarth.ac.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आगे बढ़ी CUET UG 2023 की रजिस्ट्रेशन डेट
सीयूईटी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की जानकारी को फिर से खोलने की जानकारी यूनिवर्सिटी अनुदान आयोग, यूजीसी के अध्यक्ष ममिदाला जगदीश कुमार ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर साझा की।
ट्वीट में लिखा, 'कई छात्रों के अनुरोध के बाद हमने रविवार, सोमवार और मंगलवार को सीयूईटी-यूजी के लिए आवेदन पोर्टल को एक बार फिर खोलने का फैसला किया है। मंगलवार, 11 अप्रैल 2023 को रात 11.59 बजे यह बंद हो जाएगा। छात्रों से अधिक जानकारी के लिए https://cuet.samarth.ac.in को विजिट करने का अनुरोध किया जाता है।'
सीयूईटी यूजी की आवेदन प्रक्रिया 30 मार्च 2023 को बंद कर दी गई थी। कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट के लिए करेक्शन विंडो 1 अप्रैल को खोली गई थी और 3 अप्रैल 2023 को बंद कर दी गई थी। परीक्षा सिटी की घोषणा 30 अप्रैल 2023 को उपलब्ध होगी।
एनटीए सीयूईटी यूजी प्रवेश पत्र सभी उपस्थित उम्मीदवारों के लिए मई 2023 के दूसरे सप्ताह में उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा परीक्षा 21 मई, 2023 को आयोजित की जाएगी। इस बारे में ज्यादा संबंधित विवरण के लिए उम्मीदवार एनटीए सीयूईटी की आधिकारिक वेबसाइट को लगातार चेक करते रहें।
