JAC Delhi Counselling 2026 : जैक दिल्ली काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जॉइंट एडमिशन कमेटी (JAC) दिल्ली ने बीटेक और बीआर्क कोर्स में दाखिले के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग की शुरुआत कर दी है। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग 28 मई 2026 सुबह 10 बजे से शुरू हुई है। आवेदन करने की अंतिम तारीख 9 जून 2026 रात 11:30 बजे तक तय की गई है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय का इंतजार किए बिना जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट jac.delhi.admissions.nic.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। यह काउंसलिंग प्रक्रिया दिल्ली के प्रमुख इंजीनियरिंग संस्थानों जैसे DTU, NSUT, IIIT-Delhi, IGDTUW और DSEU में एडमिशन के लिए आयोजित की जाती है।
इस काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों के पास JEE Main 2026 स्कोर होना जरूरी है। साथ ही अभ्यर्थियों को 12वीं परीक्षा निर्धारित विषयों के साथ पास करनी होगी। दिल्ली क्षेत्र के छात्रों के लिए कई संस्थानों में 85 प्रतिशत सीटें आरक्षित रखी गई हैं, जबकि बाकी 15 प्रतिशत सीटें अन्य राज्यों के छात्रों के लिए उपलब्ध होंगी। JAC Delhi Counselling 2026 के तहत उम्मीदवारों को नॉन-रिफंडेबल रजिस्ट्रेशन-कम-काउंसलिंग फीस 1500 रुपये जमा करनी होगी। फीस का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग और UPI जैसे ऑनलाइन माध्यमों से किया जा सकता है।
JAC Delhi ने छात्रों को सलाह दी है कि वे आवेदन करने से पहले आधिकारिक ब्रोशर और पात्रता संबंधी सभी नियम ध्यान से पढ़ लें। इसके अलावा उम्मीदवारों को अपने सभी जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखने की सलाह दी गई है ताकि आवेदन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों को अपनी व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक विवरण और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। इसके बाद छात्र अपनी पसंद के कॉलेज और ब्रांच का चयन कर सकेंगे। विशेषज्ञों का कहना है कि छात्रों को चॉइस फिलिंग बेहद सावधानी से करनी चाहिए क्योंकि सीट अलॉटमेंट उसी के आधार पर किया जाएगा।
