एजुकेशन

नहीं करना पड़ेगा CAT देने का इंतजार, JEE के स्कोर पर बीए और बीबीए में एडमिशन देते हैं देश के ये IIM, यहां देखें लिस्ट

आईआईएम में एडमिशन लेने के लिए अब छात्रों को कैट परीक्षा देने का इंतजार करने की आवशयकता नहीं है, क्योंकि कक्षा 12वीं के बाद देश के कई प्रतिष्ठित IIM में छात्र बीए और बीबीए कोर्स में प्रवेश जेईई के स्कोर के आधार पर ले सकते हैं।

Image

JEE के स्कोर पर बीए और बीबीए में एडमिशन देते हैं देश के ये IIM

देश के शीर्ष प्रबंधन संस्थानों यानी भारतीय प्रबंधन संस्थानों (IIMs) का नाम सुनते ही आमतौर पर कैट (CAT) परीक्षा और एमबीए (MBA) का ध्यान आता है। लेकिन अब समय बदल चुका है। अब आईआईएम केवल ग्रेजुएशन के बाद के कोर्सेज तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आईआईएम द्वारा 12वीं पास छात्रों के लिए आधुनिक बैचलर (Undergraduate) डिग्री प्रोग्राम भी शुरू कर दिए हैं। इन कोर्स की सबसे दिलचस्प बात यह है कि इनमें दाखिला पाने के लिए छात्रों को CAT परीक्षा का इंतजार नहीं करना पड़ेगा, बल्कि वह JEE Main और JEE Advanced के स्कोर के आधार पर सीधे इन संस्थानों में एडमिशन के लिए आवेदन कर सकते हैं।

आपको बता दें कि इनमें मैनेजमेंट के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा साइंस, बिजनेस एनालिटिक्स और डिजिटल बिजनेस जैसे नए दौर के विषय भी पढ़ाए जा रहे हैं। आइए इसके बारे में विस्तार से बात करें और उन संस्थानों के बारे में बताएं, जहां यूजी कोर्स शुरू किए गए हैं।

IIM लखनऊ

आईआईएम लखनऊ में AI और बिजनेस एनालिटिक्स में बैचलर ऑफ साइंस कोर्स में प्रवेश छात्रों को JEE Advanced के स्कोर के माध्यम से लिया जा सकता है। यह फिलहाल आईआईएम में अकेला ऐसा यूजी कोर्स है जो JEE Advanced के स्कोर के आधार पर एडमिशन देता है। इसमें आवेदकों के लिए अधिकतम आयु सीमा 21 वर्ष तय की गई है। SC/ST वर्ग के अभ्यर्थियों को न्यूनतम शैक्षणिक अंकों में 5% की छूट का प्रावधान है।

IIM मुंबई

आईआईएम मुंबई में डिजिटल साइंस और बिजनेस मैनेजमेंट में बैचलर ऑफ साइंस कोर्स की शुरुआत की है। यह चार साल के इस कोर्स में उम्मीदवार एडमिशन जेईई मेन स्कोर के आधार प्राप्त कर सकते हैं। इस कोर्स के पहले बैच के लिए कुल 70 सीटें रखी गई हैं। जेईई मेन में प्रदर्शन के आधार पर शॉर्टलिस्ट किए गए छात्रों का पर्सनल इंटरव्यू (PI) होगा, जिसका फाइनल मेरिट में 30% वेटेज रहेगा।

IIM बैंगलोर

आईआईएम बैंगलोर द्वारा छात्र डिजिटल बिजनेस और एंटरप्रेन्योरशिप में BBA कोर्स कर सकते है। यह एक ऑनलाइन 3 साल का कोर्स है। इस कोर्स में प्रवेश के लिए छात्र JEE Main, CUET UG या आईआईएम बैंगलोर की अपनी प्रवेश परीक्षा में से किसी भी एक विकल्प का चयन कर सकते हैं। यह प्रोग्राम मुख्य रूप से स्टार्टअप्स, बिजनेस इनोवेशन और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन में रुचि रखने वाले छात्रों के लिए बनाया गया है।

IIM संबलपुर

आईआईएम संबलपुर से छात्र बैचलर इन साइंस इन डेटा साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में कर सकते हैं। यह कोर्स टेक्नोलॉजी और मैनेजमेंट का एक बेहतरीन मेल है। इसमें JEE Main के स्कोर के आधार पर अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा, जिसके बाद उन्हें पर्सनल इंटरव्यू (PI) के लिए बुलाया जाता है। इस प्रोग्राम के लिए आवेदक की अधिकतम आयु 20 वर्ष होनी चाहिए।

IIM कोझिकोड

कोझिकोड के आईआईएम से छात्र बैचलर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज कोर्स कर सकते हैं। इस कोर्स में प्रवेश के लिए जेईई मेन अनिवार्य है। इसके साथ ही बता दें कि यदि उम्मीदवार के जेईई में 80 से अधिक परसेंटाइल है तो उन्हें एंट्रेंस/एप्टीट्यूड टेस्ट देने से छूट मिल जाती है और उन्हें सीधा इंटरव्यू में हिस्सा लेना होगा।

टेक और मैनेजमेंट का अनमोल मेल

12वीं के बाद इंजीनियरिंग और टेक-मैनेजमेंट की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए IIMs के ये अंडरग्रेजुएट कोर्सेज एक शानदार मौका बनकर उभरे हैं। जेईई मेन या एडवांस्ड में बेहतर स्कोर हासिल करके छात्र 12वीं के तुरंत बाद ही देश के इन शीर्ष मैनेजमेंट संस्थानों में अपनी जगह बना सकते हैं। उन्हें ग्रेजुएट होने का और कैट परीक्षा देने का इंतजार नहीं करना होगा।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article