एजुकेशन

ICAI Corporate Mitra Scheme 2026: MSME सेक्टर में करियर बनाने का सुनहरा मौका, ICAI ने शुरू किए आवेदन, जानें कोर्स डिटेल्स और फीस

ICAI Corporate Mitra Scheme 2026: ग्रेजुएट उम्मीदवार, जिन्हें अकाउंटिंग, टैक्सेशन या फाइनेंस के क्षेत्र में करियर बनाना है उनके लिए ICAI ने कॉरपोरेट मित्र स्कीम की शुरुआत की है, जिसके लिए आवेदन शुरू हो गए हैं।

Image

ICAI Corporate Mitra Scheme 2026 (Photo - AI)

ICAI Corporate Mitra Scheme 2026: यदि आप ग्रेजुएट हैं और अकाउंटिंग, टैक्सेशन या फाइनेंस के क्षेत्र में एक शानदार करियर बनाना की इच्छा रखते हैं, तो आपके लिए एक बेहतरीन खबर है। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने 'कॉर्पोरेट मित्र प्रोग्राम' (Corporate Mitra Scheme 2026) के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 15 जुलाई 2026 से शुरू कर दी है। इस प्रोग्राम का हिस्सा बनने की इच्छा रखने वाले उम्मीदवार निर्धारित समय सीमा में SWAYAM Plus पोर्टल से रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करें। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 31 जुलाई 2026 तक इस प्रोग्राम के लिए आवेदन कर सकते हैं।

क्या है कॉर्पोरेट मित्र योजना और इसका उद्देश्य?

केंद्रीय बजट में घोषित इस योजना का मुख्य उद्देश्य देश के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSMEs) की मदद के लिए कुशल 'पैरा-प्रोफेशनल' तैयार करना है। सरकार ने इस पहल की जिम्मेदारी देश के तीन प्रमुख संस्थानों— ICAI, ICSI और ICMAI को संयुक्त रूप से सौंपी है। इस योजना के तहत, आईसीएआई ने आईआईटी मद्रास के सहयोग से इस विशेष कोर्स को तैयार किया है, जिसे डिजिटल इंडिया के SWAYAM Plus प्लेटफॉर्म पर लॉन्च किया गया है। यह प्रोग्राम उन युवाओं के लिए है जो किताबी ज्ञान को प्रैक्टिकल वर्क में बदलना चाहते हैं।

क्या है इसकी एलिजिबिलिटी

- भारत का कोई भी नागरिक जिसने किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन (स्नातक) पूरा कर लिया हो।

- ग्रेजुएशन के अंतिम वर्ष में पढ़ रहे छात्र भी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं, हालांकि उन्हें कोर्स का सर्टिफिकेट अपनी डिग्री पूरी होने के बाद ही मिलेगा।

- आवेदक की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए.

- इस प्रोग्राम की फीस 3,000 रुपये निर्धारित की गई है, जिस पर 18% जीएसटी अलग से देय होगी।

क्या है कोर्स की संरचना

यह पूरा कार्यक्रम IITM Pravartak के माध्यम से संचालित किया जा रहा है. इसकी संरचना काफी व्यावहारिक रखी गई है। इसमे 150 घंटे की पढ़ाई होगी। इस कोर्स को नेशनल क्रेडिट फ्रेमवर्क (NCrF) के लेवल 5.5 के तहत तैयार किया गया है, जिसका मतलब है कि यह कोर्स छात्रों के एकेडमिक क्रेडिट में भी जुड़ेगा। 6 महीने की ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग होगी। थ्योरी की पढ़ाई पूरी करने के बाद उम्मीदवारों को किसी फर्म या कंपनी में 6 महीने की व्यावहारिक ट्रेनिंग (इंटर्नशिप) करनी अनिवार्य होगी।

क्या है कोर्स का सिलेबस

इस कोर्स को 6 मुख्य मॉड्यूल्स में बांटा गया है, जो किसी भी बिजनेस को संभालने के लिए बेहद जरूरी हैं -

मॉड्यूल (Module)मुख्य रूप से क्या सिखाया जाएगा?
अकाउंटिंग (Accounting)जर्नल, लेजर, ट्रायल बैलेंस, पीएंडएल अकाउंट, बैलेंस शीट और कैश फ्लो. साथ ही Tally और MS Excel जैसे डिजिटल टूल्स का व्यावहारिक प्रशिक्षण
टैक्सेशन (Taxation)इनकम टैक्स, टैक्स रिटर्न फाइलिंग (ITR), टीडीएस (TDS), टीसीएस (TCS), एडवांस टैक्स और जीएसटी (GST) की पूरी प्रक्रिया
बैंकिंग (Banking)MSME के लिए बैंकिंग सिस्टम, लोन/क्रेडिट की आवश्यकताएं, डिजिटल बैंकिंग और फिनटेक (Financial Technology)
फाइनेंशियल मैनेजमेंटफाइनेंशियल स्टेटमेंट्स का बारीकी से विश्लेषण करना और वर्किंग कैपिटल (कार्यशील पूंजी) का प्रबंधन
लीगल एंड सेक्रेटेरियलकंपनी कानून, MSME रजिस्ट्रेशन, लेबर कोड, सेबी (SEBI) के नियम और ऑनलाइन विवाद समाधान पोर्टल की जानकारी
कॉस्ट अकाउंटिंगकास्टिंग, बजटीय नियंत्रण (Budgetary Control) और स्टैंडर्ड कास्टिंग

मूल्यांकन और सर्टिफिकेट प्रक्रिया

कोर्स और 6 महीने की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उम्मीदवारों की योग्यता को परखने के लिए एक सेंटर-आधारित एमसीक्यू परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा ICAI, ICSI और ICMAI द्वारा संयुक्त रूप से ली जाएगी। इस परीक्षा को पास करने वाले उम्मीदवारों को ही 'SWAYAM Plus' का वेरीफाएबल सर्टिफिकेट दिया जाएगा। ध्यान रहे कि इसमें दोबारा परीक्षा देने का कोई प्रावधान नहीं है। यदि कोई छात्र पहली बार में असफल होता है, तो उसे नए सिरे से रजिस्ट्रेशन कराकर पूरी फीस दोबारा भरनी होगी।

करियर के अवसर

इस कोर्स को करने के बाद युवाओं के लिए रोजगार के कई नए रास्ते खुलेंगे। देश में करोड़ों रजिस्टर्ड MSME इकाइयां हैं, जिन्हें हर महीने जीएसटी रिटर्न, टैक्स फाइलिंग और बुक-कीपिंग के लिए प्रोफेशनल्स की जरूरत होती है। इस कोर्स को करने के बाद युवा स्वतंत्र रूप से अकाउंट कंसलटेंट बन सकते हैं या किसी भी मध्यम उद्योग में अकाउंट एग्जीक्यूटिव के रूप में काम शुरू कर सकते हैं।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article