HBSE Admit Card 2026 Haryana Board released admit cards for class 10th and 12th: हरियाणा माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। छात्रों को स्कूल से एडमिट कार्ड मिलेंगे। bseh.org.in पर एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का डायरेक्ट लिंक एक्टिव कर दिया गया है। हरियाणा बोर्ड सेकेंडरी की वार्षिक परीक्षाएं 26 फरवरी से 20 मार्च तक चलेगी, वहीं सीनियर सेकेंडरी की परीक्षाएं 25 फरवरी से एक अप्रैल तक संचालित करवाई जाएगी। परीक्षाओं का समय दोपहर 12:30 बजे से 3:30 बजे तक रहेगा।
बोर्ड के सचिव मुनीश शर्मा ने सोमवार को बताया कि "परीक्षार्थियों के प्रवेश-पत्र का रंगीन प्रिंट आऊट A-4 साइज पेपर पर डाउनलोड करना सुनिश्चित करें। यदि परीक्षार्थी के विवरणों में कोई त्रुटि है तो तुरंत बोर्ड कार्यालय में संपर्क करते हुए शुद्धि से सम्बंधित मूल दस्तावेज और वांछित शुद्धि शुल्क सहित बोर्ड कार्यालय में उपस्थित होकर शुद्धि करवा सकते हैं।"
1421 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा
हरियाणा माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं प्रदेश भर में 1421 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं में करीब 5 लाख 66 हजार 400 परीक्षार्थी शामिल होंगे। उधर, बोर्ड का कहना है कि यदि बोर्ड को किसी भी केंद्र पर परीक्षा रद्द करनी पड़ती है, तो परीक्षा को दोबारा आयोजित करने का खर्च परीक्षा केंद्र और कर्मचारियों पर लगाया जाएगा।
CCTV से निगरानी
बोर्ड के अधिकारी ने बताया कि परीक्षाएं सीसीटीवी निगरानी में आयोजित की जाएंगी और परीक्षा के लिए केवल कैमरे और ऑनलाइन कनेक्टिविटी से लैस कमरों का ही उपयोग किया जाएगा। सत्यापन के लिए रिकॉर्डिंग को छह महीने तक सुरक्षित रखा जाएगा। शिक्षा बोर्ड के सचिव मुनीश शर्मा ने बताया कि माध्यमिक और वरिष्ठ माध्यमिक (शैक्षणिक/खुले स्कूल) वार्षिक परीक्षाओं के एडमिट कार्ड आज से आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे।
