Gunjan Kumar JEE Success story: यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और साथ देने वाले लोग हों, तो बीमारी, शारीरिक चुनौतियां और मुश्किल हालात भी सपनों के रास्ते की बाधा नहीं बन सकते। गुंजन कुमार की कहानी यह संदेश देती है कि सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि दृढ़ इच्छाशक्ति, परिवार के सहयोग और कठिन परिस्थितियों में भी हार न मानने के जज्बे से मिलती है। हर साल लाखों छात्र JEE परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन सफलता केवल मेहनत से नहीं, बल्कि हौसले और परिवार के साथ से भी मिलती है। ऐसी ही प्रेरणादायक कहानी है बिहार के सीतामढ़ी के रहने वाले गुंजन कुमार की, जिन्होंने गंभीर बीमारी और तमाम मुश्किलों के बावजूद देश की सबसे कठिन परीक्षा JEE Advanced में सफलता हासिल कर IIT दिल्ली में कंप्यूटर साइंस ब्रांच में एडमिशन का सपना पूरा किया। उनकी सफलता के पीछे सबसे बड़ा योगदान उनकी मां गुंजा का रहा, जिन्होंने बेटे की पढ़ाई रुकने नहीं दी।
कोटा में तैयारी के दौरान आई सबसे बड़ी चुनौती
साल 2023 की बात है गुंजन JEE की तैयारी के लिए कोटा पहुंचे थे। उनका सपना IIT में पढ़ाई करना था। तैयारी अच्छी चल रही थी, लेकिन परीक्षा से कुछ महीने पहले उनकी जिंदगी ने अचानक करवट ले ली। उन्हें न्यूमोथोरैक्स (Pneumothorax) नाम की गंभीर बीमारी हो गई, जिसमें फेफड़ा सिकुड़ (Collapsed Lung) जाता है। इसके बाद डॉक्टर्स ने उन्हें तीन महीने तक बेड रेस्ट की सलाह दी। मुश्किल यह थी अब कोचिंग कैसे चलेगी और कोचिंग नहीं ली तो IIT जाने का सपना कैसे पूरा होगा।
मां ने निभाई सहपाठी और शिक्षक की भूमिका
बिहार सीतामढ़ी के निवासी गुंजन जब अस्पताल और बिस्तर तक सीमित हो गए, तब उनकी मां गुंजा ने फैसला किया कि बेटे की पढ़ाई नहीं रुकेगी। उनकी मां ने ऑनलाइन क्लास देखना शुरू किया और हर लेक्चर के नोट्स बनाना शुरू किया। पहले वह कॉपी में नोट्स लिखतीं और बाद में गुंजन को पढ़ातीं। उन्होंने बेटे की खातिर किताबें उठाईं ताकि बेटे का सपना अधूरा न रह जाए।
कमजोर नजर भी नहीं रोक सकी
गुंजन कुमार की चुनौती केवल बीमारी तक सीमित नहीं थी। उनकी आंखों की रोशनी भी 70 प्रतिशत से अधिक कमजोर है और उन्हें 9.5 नंबर का चश्मा लगाना पड़ता है। हालांकि अपनी शारीरिक कमजोरी को गुंजन ने कमजोरी नहीं बनने दिया और अपनी पढ़ाई जारी रखी।
आखिरकार मिली सफलता
मां बेटे की कड़ी मेहनत का परिणाम यह रहा कि गुंजन ने JEE Main में 91.8 पर्सेंटाइल हासिल किया। इसके बाद उन्होंने JEE Advanced में शानदार प्रदर्शन करते हुए ओबीसी (PwD) श्रेणी में 50वीं रैंक प्राप्त की। अब उन्हें IIT दिल्ली के प्रतिष्ठित कंप्यूटर साइंस कार्यक्रम में एडमिशन भी मिल गया है।
