विदेश से शिक्षा हासिल करने का सपना हमेशा से ही भारतीय छात्र देखते आए हैं। दुनिया के लगभग हर देश में इस समय भारतीय छात्र हैं और शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। कई देशों ने भारतीय छात्रों के लिए नियमों में राहत भी दी है। इस बीच बड़ी खबर ये है कि फ्रांस सरकार ने वर्ष 2030 तक हर साल 30,000 भारतीय छात्रों को बुलाने का बड़ा लक्ष्य रखा है। 2030 तक तीस हजार छात्र फ्रांस के विश्वविद्यालयों और दूसरे संस्थानों से शिक्षा ग्रहण कर रहे होंगे। इसी सिलसिले में इस अक्टूबर 2026 में भारत के चार प्रमुख शहरों में आधिकारिक 'चूज फ्रांस टूर 2026' (Choose France Tour 2026) का आयोजन किया जा रहा है।
क्या है चूज फ्रांस टूर 2026
भारतीय छात्रों और उनके अभिभावकों को फ्रांस में उच्च शिक्षा, छात्रवृत्ति (Scholarships), वीजा प्रक्रियाओं, आवास और छात्र जीवन के बारे में सीधे जानकारी देना है। इस कार्यक्रम में 50 से अधिक प्रतिष्ठित फ्रांसीसी उच्च शिक्षण संस्थान (इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, बिजनेस और पब्लिक यूनिवर्सिटीज) हिस्सा लेंगे। यहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), इनोवेशन, एयरोस्पेस, एनिमेशन-गेमिंग और मैनेजमेंट जैसे उभरते क्षेत्रों के बारे में छात्रों को बताया जाएगा और फ्रांस से शिक्षा ग्रहण करने का रोडमैप छात्रों को बताया जाएगा।
कौन कौन से संस्थान होंगे शामिल
भाग लेने वाले संस्थानों में CentraleSupelec, Mines Paris-PSL और IMT Atlantique जैसे इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी स्कूल, ESSEC, ESCP और EDHEC जैसे बिजनेस स्कूल और Université Paris-Saclay और Universite Grenoble Alpes जैसे सार्वजनिक विश्वविद्यालय शामिल हैं। इंटरमीडिएट, ग्रेजुएशन के छात्र इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।
