GK Quiz Duniya Mein Sabse Jyada Garmi kahan padti hai: उत्तर भारत इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। सुबह सूरज निकलते ही ऐसा लगने लगता है जैसे आसमान से आग बरस रही हो। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली समेत कई राज्यों में तापमान 45 से 48 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। राजस्थान का श्रीगंगानगर बुधवार को देश का सबसे गर्म शहर बन गया है जहां अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं उत्तर प्रदेश के बांदा में भी पारा 47.5 डिग्री तक पहुंच गया। हालत ऐसे हैं कि दोपहर के समय सड़कें खाली नजर आ रही हैं और लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं। डॉक्टर लगातार लोगों को धूप से बचने और ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की सलाह दे रहे हैं।
Death Valley: दुनिया की सबसे गर्म जगह
भारत में पड़ रही यह गर्मी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन चुकी है, लेकिन दुनिया में कुछ ऐसी जगह भी हैं जहां की गर्मी के बारे में सोचकर ही रूह कांप जाती है। इन जगहों को लोग ‘आग का नर्क’ तक कहते हैं क्योंकि यहां का तापमान इतना ज्यादा होता है कि इंसान थोडी देर भी खुले में रह जाए तो तबीयत बिगड़ सकती है। दुनिया की सबसे गर्म जगह का नाम डेथ वैली है, जबकि सबसे गर्म सतही क्षेत्र दश्त-ए-लूत और सबसे गर्म आबादी वाले शहरों में अहवाज का नाम शामिल है।
डेथ वैली को पृथ्वी की सबसे गर्म जगह माना जाता है
अमेरिका के कैलिफोर्निया में मौजूद डेथ वैली (Death Valley) को पृथ्वी की सबसे गर्म जगह माना जाता है। यह मोजावे रेगिस्तान (Mojave Desert) का हिस्सा है और यहां की गर्मी दुनिया भर में मशहूर है। डेथ वैली का नाम सुनते ही डर का एहसास होता है और इसकी वजह भी बेहद खास है। 10 जुलाई 1913 को यहां 56.7 डिग्री सेल्सियस तापमानदर्ज किया गया था। इसे आज तक पृथ्वी पर रिकॉर्ड किया गया सबसे अधिक तापमान माना जाता है। गर्मियों के दिनों में यहां तापमान आमतौर पर 45 से 50 डिग्री के बीच बना रहता है। कई बार जमीन इतनी गर्म हो जाती है कि लोगों के जूते तक जलने लगते हैं।
Heatwave: डेथ वैली क्यों है सबसे गर्म
डेथ वैली की भौगोलिक स्थिति भी इसे बेहद गर्म बनाती है। यह समुद्र तल से करीब 86 मीटर नीचे स्थित है। चारों तरफ ऊंचे पहाड़ होने की वजह से गर्म हवा यहां फंस जाती है और बाहर नहीं निकल पाती। इसके अलावा यहां नमी बहुत कम होती है और बारिश भी बेहद कम होती है। सूखी हवाएं लगातार जमीन को गर्म करती रहती हैं। यही कारण है कि यहां की गर्मी इंसानों के लिए खतरनाक मानी जाती है। कई वैज्ञानिक इसे पृथ्वी का नेचुरल ओवेन भी कहते हैं।
दुनिया की सबसे गर्म जगहें कौन सी हैं?
सिर्फ डेथ वैली ही नहीं, दुनिया में एक और जगह है जिसे पृथ्वी की सबसे गर्म सतह माना जाता है। इसका नाम है दश्त-ए-लूत। यह ईरान में स्थित एक विशाल रेगिस्तानी इलाका है। नासा के सैटेलाइट डेटा के मुताबिक यहां जमीन की सतह का तापमान 70 डिग्री सेल्सियस से भी अधिक पहुंच चुका है। इतनी गर्म जमीन पर कुछ सेकंड खड़ा रहना भी मुश्किल हो सकता है। यहां दूर-दूर तक सिर्फ रेत, पत्थर और सूखा इलाका दिखाई देता है। इस रेगिस्तान में जीवन लगभग न के बराबर है। वैज्ञानिकों के मुताबिक यहां की काली ज्वालामुखीय चट्टानें सूरज की गर्मी को तेजी से सोख लेती हैं, जिससे तापमान और ज्यादा बढ़ जाता है।
दुनिया का सबसे गर्म आबादी वाला शहर
आइये अब जानते हैं कि दुनिया का सबसे गर्म आबादी वाला शहर कौन सा है। दुनिया के सबसे गर्म आबादी वाले शहर की बात करें तो ईरान का अहवाज शहर इस लिस्ट में शामिल है। साल 2017 में यहां तापमान करीब 54 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। यहां रहने वाले लोगों को सिर्फ गर्मी ही नहीं... बल्कि धूल भरी आंधियों और प्रदूषण का भी सामना करना पड़ता है। कई बार हालात इतने खराब हो जाते हैं कि लोगों को घरों में रहना पड़ता है। अहवाज में गर्म हवाएं और सूखा मौसम गर्मी को और खतरनाक बना देते हैं।
कुछ जगहें इतनी ज्यादा गर्म क्यों होती हैं?
अब सवाल यह है कि आखिर कुछ जगहें इतनी ज्यादा गर्म क्यों होती हैं? दरअसल, इसके पीछे कई वैज्ञानिक कारण हैं जिसमें सबसे बड़ा कारण है कम नमी और सूखा वातावरण। जहां बारिश कम होती है और हवा में नमी नहीं होती, वहां सूरज की किरणें सीधे जमीन को गर्म करती हैं। रेगिस्तानी इलाकों की रेत और चट्टानें गर्मी को तेजी से सोख लेती हैं। इसके अलावा कई जगहों पर पहाड़ गर्म हवा को बाहर निकलने से रोक देते हैं, जिससे तापमान लगातार बढ़ता रहता है।
दुनिया में बढ़ती गर्मी की बड़ी वजह
जलवायु परिवर्तन भी दुनिया में बढ़ती गर्मी की बड़ी वजह बनती जा रही है। वैज्ञानिक लगातार चेतावनी दे रहे हैं कि ग्लोबल वॉर्मिंग के कारण आने वाले समय में तापमान और ज्यादा बढ़ सकता है। भारत समेत दुनिया के कई देशों में हीटवेव अब पहले से ज्यादा खतरनाक होती जा रही है। इससे लोगों की सेहत, खेती और रोजमर्रा की जिंदगी पर बड़ा असर पड़ रहा है। भारत में फिलहाल गर्मी भले ही रिकॉर्ड तोड़ रही हो, लेकिन दुनिया में ऐसी जगहें भी हैं जहां तापमान इंसानी सहनशक्ति की सीमा तक पहुंच जाता है। डेथ वैली, दश्त-ए-लूत और अहवाज जैसी जगहें इस बात का उदाहरण हैं कि प्रकृति कितनी खतरनाक हो सकती है। यही वजह है कि इन स्थानों को लोग ‘आग का नर्क’ कहते हैं।
